मुरादाबाद : सपा नेत्री के पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या का आरोप
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला सपा नेत्री के पति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी ने शराब में जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर पहली जनवरी को रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रविवार सुबह मुकदमा दर्ज न होने पर महिला ने हंगामा किया। शव को एसएसपी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला सपा नेत्री के पति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी ने शराब में जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर पहली जनवरी को रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रविवार सुबह मुकदमा दर्ज न होने पर महिला ने हंगामा किया। शव को एसएसपी आफिस के सामने रखकर धरना देने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम में भी युवक की मौत का राज नहीं खुल सका। इसलिए बिसरा संरक्षित कर लिया गया है।
मझोला थानाक्षेत्र के पूनम विहार में रहने वाली निर्देश सिंह सपा नेत्री हैं। उनके पति 45 वर्षीय दीवान सिंह कपड़ों के शोरूम पर नौकरी करते थे। उनकी दो बेटी उर्वशी और स्वीटी हैं। निर्देश सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर 2021 की शाम उनके पति को एक सपा नेता घर से बुलाकर ले गया था। उसके घर पहले से ही कई अन्य लोग भी थे। इन्होंने दीवान सिंह को जमकर शराब पिलाई और देर रात 10 बजे उसे घर छोड़ गए।
इस दौरान आरोपियों ने उसकी वीडियो भी बनाई। पहली जनवरी 2022 की सुबह दीवान सिंह की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सामान्य मौत बताया। शाम चार बजे शव को शमशान ले जाया जा रहा था कि अचानक पुलिस पहुंच गई और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहने लगी।
पहले परिजन पोस्टमार्टम के लिए इन्कार कर रहे थे मगर जब दरोगा ने उन्हें दीवान की शराब पीते हुए वीडियो दिखाई तो वह पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए। निर्देश सिंह परिजनों के साथ एसएसपी से मिली। उनके आदेश पर रात में ही दीवान सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मगर उसमें भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसलिए बिसरा संरक्षित कर लिया गया।
सपा नेत्री ने सपा नेता व रिटायर्ड दरोगा समेत आधा दर्जन लोगों पर अपने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए मझोला पुलिस को तहरीर दी थी। मगर पुलिस ने इसे रिसीव नहीं किया था। इसी को लेकर निर्देश सिंह व परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। वह शव लेकर एसएसपी आफिस पर धरना देने की तैयारी कर रहे थे कि जानकारी पाकर एसएचओ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रार्थना पत्र रिसीव करके दे दिया और परिजनों को जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद दीवान सिंह के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बोले एसएचओ, फैशन बन गया है हंगामा करना, आरोपों में नहीं है दम
इस संबंध में इंस्पेक्टर मझोला धनंजय सिंह ने बताया कि मुरादाबाद में मौत पर हंगाम करना तो फैशन बन गया। महिला ने आरोप लगाए थे। जांच की गई तो उनमें कोई दम नहीं निकला। पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। ऐसे में मुकदमा कैसे दर्ज किया जा सकता है।
