बरेली: संक्रमित को पांच मिनट में इलाज देने की आज होगी रिहर्सल
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका शासन की ओर से पूर्व में ही जताई गई है। इसका असर भी नजर आ रहा है। पिछले तीन माह की तुलना में वर्तमान में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। भविष्य में अगर कोरोना के मामले बढ़ते हैं तो शहर के 300 …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका शासन की ओर से पूर्व में ही जताई गई है। इसका असर भी नजर आ रहा है। पिछले तीन माह की तुलना में वर्तमान में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। भविष्य में अगर कोरोना के मामले बढ़ते हैं तो शहर के 300 बेड कोविड चिकित्सालय में मरीजों का फौरन इलाज शुरू हो सके इसको लेकर आज यानि सोमवार को रिहर्सल की जाएगी। जिसको लेकर प्रबंधन ने कार्य योजना तैयार कर ली है। वहीं स्टाफ को रिहर्सल से पूर्व आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
कम समय में वार्ड में शिफ्ट हों मरीज
दरअसल, 300 बेड कोविड चिकित्सालय में पूर्व में भी दो बार मॉक ड्रिल का आयोजन हो चुका है लेकिन सोमवार को फाइनल रिहर्सल को अंजाम दिया जाएगा। इस दौरान एक कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचता है तो उसकी प्राथमिक जांच कर फौरन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया जाएगा। पूर्व में हुईं मॉक ड्रिल में महज पांच से 6 मिनट में मरीज को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। रिहर्सल में प्रबंधन का प्रयास रहेगा कि इससे भी कम समय में मरीज को वार्ड में भर्ती किया जा सके।
तीन बार होगा ऑक्सीजन प्लांट का परीक्षण
कोरोना की दूसरी लहर में जिले में सबसे अधिक संक्रमितों की मौत ऑक्सीजन के अभाव में हुई थी। तीसरी लहर में इस प्रकार की दिक्कत का सामना मरीजों को न करने पड़े, इसके लिए पूर्व में ही 300 बेड कोविड चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है। सोमवार को रिहर्सल के दौरान प्लांट को सुबह 8 बजे ही संचालित किया जाएगा।
इसके बाद सुबह 11 बजे, दोपहर एक बजे और शाम पांच बजे प्लांट से निकलने वाली ऑक्सीजन का फ्लो और स्तर की लगातार जांच की जाएगी। ऐसा इसलिए किया जाएगा कि भविष्य में अगर संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती है तो उन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता हुई तो ऑक्सीजन के संचालन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर शासन की ओर से सोमवार को रिहर्सल करने का आदेश मिला है। सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस दौरान ऑक्सीजन प्लांट का संचालन समेत अन्य व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। -डॉ. सतीश चंद्रा, प्रभारी सीएमएस, 300 बेड कोविड चिकित्सालय
