बरेली: चुनाव प्रबंधन प्लान तैयार, 3273298 वोटर चुनेंगे नौ विधायक
बरेली, अमृत विचार। फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव को संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने जिला चुनाव प्रबंधन प्लान तैयार कर लिया है। इसकी पूरी रिपोर्ट भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेज दी गई है। इस बार 3273298 मतदाता अपने नौ विधायकों का चुनाव करेंगे। इसमें 1770015 पुरुष तो 1503193 महिलाएं वोटर …
बरेली, अमृत विचार। फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव को संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने जिला चुनाव प्रबंधन प्लान तैयार कर लिया है। इसकी पूरी रिपोर्ट भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेज दी गई है। इस बार 3273298 मतदाता अपने नौ विधायकों का चुनाव करेंगे। इसमें 1770015 पुरुष तो 1503193 महिलाएं वोटर हैं। प्रशासन ने कार्मिकों की ड्यूटियां लगानी शुरू कर दी है। 18196 कार्मिकों की ड्यूटी चुनाव कराने में लगेगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि जनपद के समस्त 3791 मतदेय स्थलों पर एएमएफ की सुविधाएं पूर्ण कर ली गई हैं। गरुड़ एप के माध्यम से उनकी मैपिंग भी करायी जा चुकी है। साथ ही अपडेट भी किया जा रहा है। जनपद का सिक्युरिटी प्लान बन गया है। मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनीटरिंग कमेटी का गठन भी कर लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि मैटेरियल मैनेजमेंट और पोस्टल बैलेट प्लान भी तैयार किया जा चुका है।
चुनाव संपन्न कराने के लिए 18196 मतदान कार्मिकों की जरूरत है। उसी के अनुसार ड्यूटी लगाई जा रही है। जरूरत कार्मिकों के सापेक्ष जनपद में 28175 कार्मिक उपलब्ध हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार 18-19 आयु वर्ग के 47406 मतदाता और 80 वर्ष से अधिक आयु के 46519 वोटर हैं। इसके साथ दिव्यांग वोटरों की संख्या 25321 और थर्ड जेंडर वाले 90 वोटर हैं।
2017 के मुकाबले 2019 में गिरा वोट प्रतिशत, इस बार बढ़ाने पर जोर
निर्वाचन कार्यालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 2017 के विधानसभा चुनाव में बरेली में 62.94 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या में 63.07 और महिला वोटरों में 62.78 प्रतिशत ने वोट डाले थे। जबकि लोकसभा चुनाव में बरेली में 60.95 प्रतिशत पोलिंग हुई थी। इसमें 61.74 प्रतिशत पुरुष और 60.01 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले थे।
इस बार वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। 1852 स्थानों पर चुनाव की पाठशाला लगाई जा रही है। कम मतदान प्रतिशत वाले मतदेय स्थलों पर नेहरू युवा केंद्र, नागरिक सुरक्षा और एनएसएस के माध्यम से छोटी-छोटी सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
वेबकास्टिंग के लिए 1896 मतदेय स्थल चयनित
250 वीडियो और डिजीटल कैमरा उपलब्ध हैं। जरूरत पर और कैमरा मंगाए जाएंगे। 295 ईएलसी का गठन भी किया गया। जनपद में वोटर अवेयरनेस फोरम की संख्या 740 है। वेबकास्टिंग के लिए 1896 मतदेय स्थल चयनित किए गए हैं। यहां से लाइव प्रसारण किया जाएगा।
इतने वाहन किए जाएंगे अधिग्रहण
- 1079 भारी वाहन
- 1095 हल्के वाहन
90 मास्टर ट्रेनर्स को नामित किया गया
प्रशिक्षण और जागरुकता के लिए 5 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं। जिनके जरिए जनपद में 1954 मतदान केंद्रों पर जाकर जागरुकता के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। 18807 लोगों ने प्रतिभाग किया है और 18158 लोगों ने मॉक पोल में प्रतिभाग किया है। जनपद में 90 मास्टर ट्रेनर्स को नामित किया गया है। इसके साथ 18 सहायक रिटर्निंग अफसर के पद हैं जिसमें एक पद बिथरी चैनपुर विधानसभा में सहायक ऑफिसर का रिक्त है।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों का विवरण
जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 9 है। 118 बहेड़ी, 119 मीरगंज, 120 भोजीपुरा, 121 नवाबगंज, 123 बिथरी चैनपुर, 124 बरेली, 125 बरेली कैंट, 126 आंवला सामान्य और 122 फरीदपुर।
अधिक मतदेय स्थल वाले मतदान केंद्र
जनपद में 6 मतदेय स्थल वाले केंद्रों की संख्या 35, 7 मतदेय स्थलों वाले केंद्रों की संख्या 30 और 8 मतदेय स्थलों वाले मतदान केंद्रों की संख्या 5 है।
इतनी है बरेली की अनुमानित जनसंख्या
- 5472071 जनसंख्या जनपद की
- 2900243 पुरुष
- 2571828 महिलाएं
- 3115356 18 आयु वर्ग से अधिक के युवा हैं।
5 फरवरी को चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रकाशन होने के बाद तैयारियां और तेजी से होंगी। संभवत: फरवरी के पहले पखवाड़े में चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है। जैसा कि कयास लगाया जा रहा है। अंतिम प्रकाशन के बाद भी लोग अपना वोट सकते हैं। अभी तक जो तैयारियां की गई हैं, उनका वृहद स्तर पर पुनरीक्षण किया जा रहा है। -वीके सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
