बिजनौर : युवक की मौत पर भड़के परिजन, एसपी आवास के सामने शव रखकर लगाया जाम
बिजनौर, अमृत विचार। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव गडाना में एक सप्तहा पूर्व दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने देर रात शव को एसपी आवास के सामने रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी …
बिजनौर, अमृत विचार। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव गडाना में एक सप्तहा पूर्व दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने देर रात शव को एसपी आवास के सामने रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। बता दें कि पुलिस द्वारा इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
गांव गडाना में 28 दिसंबर को दो पक्षों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। इसमें गड़ाना निवासी मंगू सिंह का 20 वर्षीय पुत्र आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालत गंभीर होने पर उसे ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां दो जनवरी को उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन शव को बिजनौर ले आए। आकाश की मौत से नाराज परिजनों ने मंडावर रोड स्थित एसपी आवास के सामने शव रखकर जाम लगा दिया।
जाम लगाए जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता व प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम सिंह ने आक्रोशित लोगों को किसी प्रकार समझा बुझाकर शांत कराया। मौके पर पहुंचे एसपी देहात रामअर्ज ने परिजनों व ग्रामीणों को कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम खुल सका व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी विनित व नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
