रणजी ट्रॉफी शुरू होने के 10 दिन पहले बंगाल के सात सदस्य कोरोना पॉजिटिव, मुंबई के साथ प्रैक्टिस मैच रद्द
नई दिल्ली। 13 जनवरी से शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी में बंगाल टीम के छह खिलाड़ी और एक सहायक कोच कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बंगाल टीम के खिलाड़ियों के संक्रमित पाए जाने के बाद मुंबई के खिलाफ होने वाला दो दिवसीय अभ्यास मैच रद्द कर दिया गया है। बंगाल को विदर्भ, राजस्थान, केरल, हरियाणा …
नई दिल्ली। 13 जनवरी से शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी में बंगाल टीम के छह खिलाड़ी और एक सहायक कोच कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बंगाल टीम के खिलाड़ियों के संक्रमित पाए जाने के बाद मुंबई के खिलाफ होने वाला दो दिवसीय अभ्यास मैच रद्द कर दिया गया है। बंगाल को विदर्भ, राजस्थान, केरल, हरियाणा और त्रिपुरा के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। वह अपना पहला मैच 13 जनवरी से बेंगलुरू में त्रिपुरा के खिलाफ खेलेगा।
बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के सचिव स्नेहाशीष गांगुली ने बयान में कहा, ‘‘महामारी की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए बंगाल क्रिकेट संघ ने सुरक्षा उपाय के तौर बंगाल के सभी क्रिकेटरों के आरटीपीसीआर परीक्षण करवाये थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘परिणाम आ गये हैं तथा कुछ खिलाड़ियों का परीक्षण पॉजिटिव आया है। सीएबी इस संबंध में हर तरह की जरूरी सावधानियां बरत रहा है।’
#Notice ❗#CAB pic.twitter.com/mdaNLel9r2
— CABCricket (@CabCricket) January 2, 2022
सूत्रों के अनुसार ठह खिलाड़ियों के नाम सुदीप चटर्जी, अनुस्तुप मजूमदार, काजी जुनैद सैफी, गीत पुरी, प्रदीप्त प्रमाणिक, सुरजीत यादव बताए जा रहे हैं। वहीं, इनके साथ सहायक कोच सौराशीष लाहिड़ी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये सातों सदस्य रविवार को साल्ट लेक में जाधवपुर विश्वविद्यालय में टीम के बीच आपस में खेले गए मैच का हिस्सा थे। हालांकि, बंगाल क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों के नाम को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।
कोरोना के केस आने के बाद बंगाल और मुंबई टीम के बीच होने वाला अभ्यास मैच भी रद्द कर दिया गया है। अभी यह तय नहीं है कि बंगाल दूसरे अभ्यास मैच में हिस्सा लेगा या नहीं। बंगाल क्रिकेट ने सभी स्थानीय टूर्नामेंट को रोकने का भी फैसला लिया है। वहीं, कोरोना की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को शीर्ष परिषद की आपात बैठक बुलाई गई है।
