सीतापुर: टैम्पो को टक्कर मारने के बाद ट्रक की चपेट में आए कई वाहन, महिला सहित तीन लोगों की मौत, चार अन्य घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कमलापुर/ सीतापुर। कस्बे में नहर चौराहे के पास सोमवार की दोपहर बाद एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे टैम्पो को टक्कर मारने के बाद पड़ोस में खड़े दो बाइक सवारों को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में जख्मी एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बालिका सहित …

कमलापुर/ सीतापुर। कस्बे में नहर चौराहे के पास सोमवार की दोपहर बाद एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे टैम्पो को टक्कर मारने के बाद पड़ोस में खड़े दो बाइक सवारों को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में जख्मी एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बालिका सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में एक व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है। घटना की खबर पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक सहित सभी वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कमलापुर कस्बे में नहर चौराहे के कट के पास सोमवार की दोपहर बाद जिला मुख्यालय से आ रहे टैम्पों में लखनऊ की तरफ से जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टैम्पो में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी महिला व दो बाइकों को भी चपेट में ले लिया। हादसे में टैम्पाे सवार लोगों व महिला सहित सात लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद लोगों फौरन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। इस बीच ट्रक चालक व खलासी भाग निकले।

हादसे में खैराबाद इलाके के भगौतीपुर निवासी अशोक, इसी क्षेत्र के घासीपुर गांव निवासी राम औतार 45 पुत्र बिहारी, कमलापुर इलाके के पताराकलां निवासी मनोज कुमार 32 पुत्र अयोध्या, यहीं की निवासी फरीदा 52 पत्नी इंसान अली व मीना, भानपुर गांव निवासी शांति 39 पत्नी शंभू व नौ साल की रोहिणी घायल हुई हैं। इन लोगों को सीएचसी कसमंडा ले जाया गया था।

जहां से अशोक, राम अवतार व फरीदा को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां महिला सहित तीनों लोगों की मौत हो गई। फरीदा सड़क किनारे खड़ी थी। अन्य लोग टैम्पो पर सवार थे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेजने के बाद ट्रक व टैम्पो सहित क्षतिग्रस्त हुए अन्य वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: नौचंदी सहित कई ट्रेनें रद्द, लखनऊ-काठगोदाम का बदला रूट

संबंधित समाचार