बरेली: एक साल के मासूम समेत 17 कोरोना संक्रमित, नेवी अफसर अस्पताल में भर्ती
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इससे तीसरी लहर के आने की आशंका बढ़ गई है। सोमवार को जहां 13 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी वहीं मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़कर 17 पहुंच गया है। जिससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में खलबली मची हुई है। वहीं …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इससे तीसरी लहर के आने की आशंका बढ़ गई है। सोमवार को जहां 13 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी वहीं मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़कर 17 पहुंच गया है। जिससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में खलबली मची हुई है। वहीं जिले में संक्रिय संक्रमितों की संख्या 52 पहुंच गई है। सोमवार को संक्रमित मिले मर्चेंट नेवी अफसर को भी 300 बेड कोविड चिकित्सालय में भर्ती कर दिया गया है। नेवी अफसर हाल ही में आस्ट्रेलिया से शहर लौटा था।
शहर के सुरेश शर्मा नगर निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। इसमें पति पत्नी समेत उनका एक साल का बच्चा भी शामिल है। सर्विलांस सेल के अनुसार बीती 3 जनवरी को पूरा परिवार दिल्ली से लौटा है। हल्के बुखार और जुकाम की शिकायत होने पर 3 जनवरी को ही जिला अस्पताल में कोरोना जांच कराई थी, मंगलवार को आई रिपोर्ट में तीनों ही सदस्य कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इनमें हुई कोरोना संक्रमण की पुष्टि
सर्विलांस सेल से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सनसिटी निवासी 23 वर्षीय युवक, इज्जतनगर निवासी 29 वर्षीय महिला, महानगर कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय दो महिलाएं, बबूरी निवासी 30 वर्षीय महिला, कुंवर पुर निवासी 29 वर्षीय महिला, मदनापुर निवासी 14 वर्षीय किशोर, ट्यूलिप टॉवर निवासी 52 वर्षीय बुजुर्ग, नवादा जोगियान निवासी 32 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
दिल्ली से आने वाले अधिकांश संक्रमित
सर्विलांस सेल के अनुसार वर्तमान में जिले में जिन मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो रही है इनमें अधिकांश ऐसे मरीज हैं जो कि दिल्ली और नोयडा से लौटे हैं। वहां रोजाना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। कांटेक्ट ट्रेसिंग के दौरान अधिकांश मरीज दिल्ली से लौटना बता रहे हैं।
जांच को लगाई टीमें फरमा रहीं आराम
जिले में बाहरी प्रदेशों से आने वाले लोगों की गहनता से निगरानी हो सके इसके लिए रेलवे जंक्शन, पुराना रोडवेज, सैटेलाइट बस अड्डा और सिटी रेलवे स्टेशन पर विभाग की ओर से कोरोना बूथ बनाए गए हैं। लेकिन यहां सख्ती से यात्रियों की जांच करने की वजाए टीमें आराम फरमा रही हैं। ऐसे में अगर किसी यात्री में कोरोना संक्रमण के लक्षण भी हैं तो जांच के अभाव में शहर में सैर-सपाटा कर संक्रमण फैला सकता है।
वर्जन – कोरोना के नये मामलों में इजाफा हो रहा है। मंगलवार को 17 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं कोरोना बूथ पर लगाई गई टीमों को सक्रिय होने का आदेश दिया जाएगा। औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।
डॉ. अनुराग गौतम, प्रभारी, सर्विलांस सेल
