अयोध्या: भूमि विवाद में चले लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी, एक की मौत, चार घायल
अयोध्या। थाना हैदरगंज क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत सिहोरिया में भूमि विवाद के दौरान जमकर चले लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी में एक की मौत हो गई, जबकि चार लोगों के घायल होने का समाचार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना में दोनों पक्षों से घायल हुए 4 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती …
अयोध्या। थाना हैदरगंज क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत सिहोरिया में भूमि विवाद के दौरान जमकर चले लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी में एक की मौत हो गई, जबकि चार लोगों के घायल होने का समाचार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना में दोनों पक्षों से घायल हुए 4 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया, जिसमें 55 साल के राजित राम वर्मा की रुदौली के पास मौत हो गई। दूसरे पक्ष के मंसाराम वर्मा (51) ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं, जबकि 2 का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। राजित राम वर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ग्राम पंचायत सिहोरिया खास में मंगलवार देर शाम राजित राम वर्मा और मंसाराम वर्मा के परिजनों बीच आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। थोड़ी ही देर में लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से जमकर मारपीट होने लगी। इसमें राजित राम की तरफ से राजित राम वर्मा और अनिल वर्मा व दूसरे पक्ष से मंसाराम वर्मा और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां अनिल वर्मा और एक अन्य का इलाज चल रहा है। मंसाराम वर्मा का लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है।
हैदरगंज थाने की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। क्षेत्राधिकारी बीकापुर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी और एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतक राजित राम वर्मा के भतीजे सुनील कुमार वर्मा ने कृष्ण कुमार वर्मा, अनूप वर्मा , मंसाराम वर्मा , ग्राम प्रधान राजकुमार सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
दूसरे पक्ष की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि राजित राम वर्मा के भतीजे सुनील कुमार वर्मा की तरफ से 4 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। इसके बाद हत्या की धाराओं सहित अन्य धाराओं में अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:-भाजपा के लोगों का विकास से कोई मतलब नहीं: विधायक विधायक नरेन्द्र सिंह
