बरेली: तीन करोड़ की रोड नहीं बनाई, लगेगा एक लाख का जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर के वार्ड-28 रहपुरा चौधरी के मठ लक्ष्मीपुर में करीब तीन करोड़ से स्वीकृत सड़क निर्माण के नाम पर केवल बजरी बिछाने सहित अन्य कई खामियों को लेकर ठेका लेने वाली फर्म पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। चीफ इंजीनियर के निर्देश पर करीब दो साल से सड़क का निर्माण लटकाए …

बरेली, अमृत विचार। शहर के वार्ड-28 रहपुरा चौधरी के मठ लक्ष्मीपुर में करीब तीन करोड़ से स्वीकृत सड़क निर्माण के नाम पर केवल बजरी बिछाने सहित अन्य कई खामियों को लेकर ठेका लेने वाली फर्म पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। चीफ इंजीनियर के निर्देश पर करीब दो साल से सड़क का निर्माण लटकाए ठेकेदार को इस लापरवाही के लिए न केवल कड़ा नोटिस जारी कर दिया गया है, बल्कि काम जल्द पूरा न करने पर कम से कम एक लाख रुपये का जुर्माना ठोंकने का भी अल्टीमेटम दे दिया गया है। कुछ दिन पहले ठेकेदार गौरव शर्मा को बुलाकर नगर आयुक्त और एक्सईएन दोनों ने ही कड़ी फटकार लगाते हुए रोड का निर्माण जल्द पूरा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

नगर निगम ने वर्ष 2020 में मिनी बाईपास पर रहपुरा चौधरी के मठ लक्ष्मीपुर में मेन रोड से बीडीए कॉलोनी तक करीब तीन करोड़ की लागत से एक किलोमीटर सड़क के निर्माण को स्वीकृति दी थी। रोड कच्ची होने से आसपास कई वार्डों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। नगर निगम ने अपने फंड से इस रोड के निर्माण को स्वीकृति देते हुए शर्मा कंस्ट्रक्शन नाम की एक फर्म को रोड बनाने का ठेका दिया था लेकिन ठेका लेकर कांट्रेक्टर ने इस काम को अधूरा छोड़ दिया है। इससे सड़क निर्माण को मंजूरी मिले दो साल का वक्त बीतने के बावजूद करीब एक किलोमीटर रोड का निर्माण अब तक नहीं पूरा हो सका है।

रोड बनाने के नाम पर केवल बजरी डाल दी गई है। रोड बनाने के लिए हॉटमिक्स सहित दूसरे कई काम अब तक पूरे नहीं कराए गए हैं। स्थानीय पार्षद आशिक अहमद ने इस मामले की कई बार शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सड़क निर्माण का यह मामला उजागर होने के बाद मुख्य अभियंता बीके सिंह ने जांच के लिए तकनीकी टीम गठित की है। एक्सईएन अभियंता संजीव प्रधान के नेतृत्व में इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। इस मामले को लेकर चीफ इंजीनियर बीके सिंह ने शर्मा कंस्ट्रक्शन को नोटिस जारी कर दिया है। पांच पोल व ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग न होने पर कांट्रेक्टर पर कम से कम एक लाख रुपये का जुर्माना ठोंकने की तैयारी है।

नाला निर्माण की गुणवत्ता पर उठे हैं सवाल
इस रोड के निर्माण के साथ कांट्रेक्टर को नाले का भी निर्माण करना है। बताते हैं कि रोड निर्माण के दौरान नवनिर्मित नाले की बाउंड्री टूट गई थी। इससे रोड की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह काम निर्माणाधीन है। इसलिए जो भी खामियां हैं, उन्हें ठेकेदार पूरा करके देगा।

कभी बारिश तो कभी कम तापमान बताकर बच रही कार्यदायी संस्था
लंबे समय से रोड का निर्माण लटकाए निर्माणदायी संस्था ने कहा कि अगस्त में भारी बारिश की वजह से हॉटमिक्स प्लांट नहीं लग सका था। अब यह बताया जा रहा है कि सर्दी में इतना कम तापमान है कि हॉटमिक्स का काम कराने में परेशानी हो रही है। अधिकारियों ने ठेकेदार की इस बहानेबाजी पर जमकर क्लास ले चुके हैं।

वर्जन-
ठेकेदार को नोटिस देकर यह अल्टीमेटम दे दिया गया है कि पोल व ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के साथ रोड का काम पूरा कर दिया जाए। नहीं तो कड़ी ब्लैक लिस्ट के साथ संस्था पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी ठुकेगा।  -बीके सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम

संबंधित समाचार