बरेली: कोरोना को है हराना, इसलिए वैक्सीन जरूर लगवाना
बरेली, अमृत विचार। दो साल पहले कोरोना ने दस्तक दी तो जागरुकता के अभाव के चलते लोग इसके विकराल प्रभाव को समझ नहीं पाए लेकिन दूसरी लहर में कोरोना ने कहर बरपाना शुरू किया तो जिले में सैकड़ों संक्रमितों की जान चली गई। इससे लोगों को एक सबक भी मिला। इसका असर हर वर्ग पर …
बरेली, अमृत विचार। दो साल पहले कोरोना ने दस्तक दी तो जागरुकता के अभाव के चलते लोग इसके विकराल प्रभाव को समझ नहीं पाए लेकिन दूसरी लहर में कोरोना ने कहर बरपाना शुरू किया तो जिले में सैकड़ों संक्रमितों की जान चली गई। इससे लोगों को एक सबक भी मिला। इसका असर हर वर्ग पर नजर भी आ रहा है। हाल ही में 15 से 18 वर्ष तक उम्र वाले किशोरों का वैक्सीनेशन भी शुरू हो गया है। सबसे खास बात यह रही कि किशोर वैक्सीनेशन कराने से पूर्व डरे-सहमे नहीं दिख रहे बल्कि अन्य लोगों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
पापा की सीख से बढ़े कदम
पुलिस लाइंस निवासी तनुजा जोशी गुरुवार को जिला महिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने पहुंची। उन्होंने बताया कि उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। कोरोना की शुरुआत से ही उनके पिता ड्यूटी कर रहे हैं। उनके वैक्सीन की दोनों डोज भी लग चुकी हैं। किशोरों का वैक्सीनेशन शुरू होते ही पापा ने इसके फायदे बताए। इसके बाद हम वैक्सीन लगवाने आए।
ताऊ हैं स्वास्थ्य कर्मचारी, बोले-वैक्सीन है सुरक्षित
राजेंद्र नगर निवासी आरएस गंगवार ने बताया कि उनके ताऊ स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। वह रोजाना घर पर वैक्सीन की खूबियां बताते हैं। शुरुआत में थोड़ा डर जरूर था लेकिन जिस प्रकार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, इससे खुद के बचाव के लिए वैक्सीन लगवाकर काफी हद तक कोरोना से बचाव हो सकता है।
इंटरनेट पर पढ़ और देख रहे हैं फायदे
मॉडल टाउन निवासी वंशिका कपूर ने बताया कि वैक्सीनेशन की शुरुआत के बाद से ही इंटरनेट मीडिया पर इससे होने वाले फायदे के बारे में पढ़ते आ रहे हैं। सबको वैक्सीनेशन कराना चाहिए। इससे हम खुदका और दूसरों का भी कोरोना से बचाव कर सकते हैं।
खतरे में न डालें जान, लगवा लें वैक्सीन
आलमगिरीगंज निवासी नंदिनी अग्रवाल ने बताया कि अगर आप वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं तो आपको कोरोना संक्रमण होने का खतरा अधिक है। इससे आप अपने और दूसरों को भी संक्रमण के खतरे में डाल सकते हैं। इसलिए जनहित के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएं।
