लखनऊ: गुडम्बा थाना के एसआई का गांजा व स्मैक पीते वीडियो वायरल, निलंबित
लखनऊ। समाज को नशे से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध राजधानी पुलिस के एक दारोगा का ऑन ड्यूटी गांजा-स्मैक पीते हुए वीडियो इन दिनों पुलिस महकमे की जमकर फजीहत करा रहा है। वायरल वीडियो में गुडम्बा थाने के वर्दी पहने हुए एसआई हरिद्वार मिश्रा नशे का कारोबार करने वालों के साथ पहले गांजा और इसके …
लखनऊ। समाज को नशे से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध राजधानी पुलिस के एक दारोगा का ऑन ड्यूटी गांजा-स्मैक पीते हुए वीडियो इन दिनों पुलिस महकमे की जमकर फजीहत करा रहा है। वायरल वीडियो में गुडम्बा थाने के वर्दी पहने हुए एसआई हरिद्वार मिश्रा नशे का कारोबार करने वालों के साथ पहले गांजा और इसके बाद स्मैक का धुआं उड़ाते दिख रहे हैं। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए डीसीपी उत्तरी लखनऊ ने स्मैकिया दारोगा को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार एसआई हरिद्वार मिश्रा नशे के अड्डे पर कार्रवाई करने की बजाय अवैध वसूली करने पहुंचे हुए थे। इसी दौरान उन्होंने वहां सिगरेट में गांजा भरकर दम लगाना शुरू कर दिया। मन नहीं भरा तो गांजे के बाद स्मैक भी फूंकी। मौका पाकर किसी ने नशे में धुत एसआई हरिद्वार मिश्रा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि वीडियो कहां व कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
वर्दी में रहकर खुद को बताया शिक्षक
वायरल वीडियो के तहत गांजे और स्मैक का दम लगाने के बाद नशे में पूरी तरह चूर दरोगा के पास एक वीडियो कॉल आया, जिसमें वे कॉल करने वाले व्यक्ति से कहने लगे कि ‘मैं पुलिस नहीं हूं, प्राइमरी स्कूल का टीचर हूं’। दरोगा को इतना भी होश नहीं था कि उसने पुलिस की वर्दी पहन रखी है।
वीडियो को संज्ञान में लेते हुए दरोगा हरिद्वार मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के भी आदेश दिये गये हैं। शहर में कहां-कहां नशे का गोरखधंधा चल रहा है, इसकी भी जांच की जा रही है…देवेश कुमार पांडेय, डीसीपी उत्तरी।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: सीडीआर निकालकर विनीत के हत्यारों की खोज में जुटी पुलिस
