बरेली: मरीजों के इलाज के साथ स्टाफ भी होगा सेहतमंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकित चौहान, बरेली, अमृत विचार। निजी अस्पताल की तुलना में सरकारी अस्पतालों में ओपीडी और भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या काफी अधिक होती है। लगातार मरीजों से संवाद और नोकझोंक होने से स्टाफ मानसिक रुप से परेशान हो जाता है लेकिन अब स्टाफ की मानसिक पीड़ा मनोरंजन में बदल जाएगी। इसके लिए महाराणा प्रताप …

अंकित चौहान, बरेली, अमृत विचार। निजी अस्पताल की तुलना में सरकारी अस्पतालों में ओपीडी और भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या काफी अधिक होती है। लगातार मरीजों से संवाद और नोकझोंक होने से स्टाफ मानसिक रुप से परेशान हो जाता है लेकिन अब स्टाफ की मानसिक पीड़ा मनोरंजन में बदल जाएगी।

इसके लिए महाराणा प्रताप संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्टाफ के मनोरंजन के लिए इंडोर और आउटडोर खेलों की शुरूआत कर दी गई है। इसका आनंद लेकर स्टाफ को मानसिक तनाव से आजादी मिलेगी। वहीं तनाव न होने से मरीजों के प्रति स्टाफ के कार्य व्यवहार में भी सकारात्मकता बढ़ेगी।

कैरम, शतरंज का स्टाफ लेगा आनंद
प्रबंधन के अनुसार सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं को चार चांद लगाने के लिए शासन की ओर से कायाकल्प योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना में स्टाफ का मरीजों से कार्य व्यवहार, अस्पताल की सफाई व्यवस्था समेत इस वर्ष से इको फेंडली थिमेटिक एरिया को भी जोड़ा गया है। जिसके अंतर्गत अस्पतालों में इंडोर और आउटडोर खेल और योगा जैसी सुविधाएं स्टाफ के लिए शुरू कर दी गई हैं। जिला महिला अस्पताल परिसर की तीसरी मंजिल पर कांफ्रेस हॉल के बराबर वाले कमरे में इंडोर खेलों के लिए हॉल बनाया गया है। वहीं जिला अस्पताल स्थित फिजियोथैरेपी वार्ड में इंडोर खेलों के लिए व्यवस्थाएं की गईं हैं। यहां कैरम, शतरंज समेत अन्य खेलों की व्यवस्था की गई है।

योगा बनाएगा सेहतमंद
वहीं खेलों के साथ ही स्टाफ को सेहतमंद बनाने के लिए यहां योगा कक्ष भी बना दिया गया। जहां ड्यूटी से फुर्सत मिलने पर स्टाफ योगा कर सेहत सुधार सकते हैं। वहीं स्टाफ को योगा का प्रशिक्षण देने के लिए यहां प्रशिक्षक की तैनाती भी जल्द की जाएगी।

कायाकल्प के तहत इंडोर और आउटडोर खेलों की शुरुआत की गई है। इससे स्टाफ फुर्सत में खेलों का आनंद ले सकेंगे। वहीं योगा का लाभ भी स्टाफ ले सकेगा, इसके लिए जल्द प्रशिक्षक की तैनाती की जाएगी। -डॉ. अलका शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, जिला महिला अस्पताल

इंडोर और आउटडोर खेलों की शुरुआत होने से काफी हद तक स्टाफ को मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी। ड्यूटी के दौरान बड़ी संख्या में मरीजों की देखभाल करने से स्टाफ को तनाव भी हो जाता है। इस पहल से स्टाफ तनावमुक्त रहेगा। -डॉ. सुबोध शर्मा, अपर निदेशक, प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल

संबंधित समाचार