बरेली: पुलिस-प्रशासन को चेतावनी, रिपोर्ट दर्ज हुई तो फिर जुटेंगे
बरेली, अमृत विचार। इस्लामिया ग्राउंड में आईएमसी प्रमुख के प्रदर्शन में हजारों लोगों की भीड़ शामिल हुई। इस दौरान तौकीर मियां लगभग 27 मिनट तब मंच से बोले। भाषण के अंत में उन्होंने पुलिस और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि प्रदर्शन के बाद उनपर या उनके किसी साथी पर कोई पुलिस कार्रवाई हुई तो …
बरेली, अमृत विचार। इस्लामिया ग्राउंड में आईएमसी प्रमुख के प्रदर्शन में हजारों लोगों की भीड़ शामिल हुई। इस दौरान तौकीर मियां लगभग 27 मिनट तब मंच से बोले। भाषण के अंत में उन्होंने पुलिस और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि प्रदर्शन के बाद उनपर या उनके किसी साथी पर कोई पुलिस कार्रवाई हुई तो वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और अगले शुक्रवार को फिर से इस्लामिया ग्राउंड में लोगों को बुलाकर प्रदर्शन करेंगे।
शुक्रवार को आईएसपी प्रमुख के कहने पर हजारों लोग इस्लामिया ग्राउंड में जुटे थे। इस दौरान तौकीर मियां ने पहले तो पुलिस और प्रशासन का आभार व्यक्त किया लेकिन अंत में चेतावनी भी दी। कहा कि मैदान में आए हर व्यक्ति को उसके घर तक पहुंचने का समय दिया जाए। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए बारादरी और कोतवाली में पुलिस फोर्स के साथ पीएसी को तैनात किया था। किसी के साथ कोई रोकटोक नहीं की गई। लोग जुटे और अपने घरों को चले गए।
पुलिस ने टोका तो युवक बोला- मैं आम नागरिक हूं
प्रदर्शन के चलते इस्लामिया के ग्राउंड में फोर्स तैनात था। इंस्पेक्टर कोतवाली समेत सीओ प्रथम स्वेता यादव वहां खुद मौजूद थीं। सीओ और इंस्पेक्टर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच वहां पर आकर एक व्यक्ति उनकी बात सुनने लगा। यह देखकर इंस्पेक्टर ने उससे पूछा कि वह कौन है तो उसने पुलिस को जबाव दिया कि वह आम नागरिक है और किसी भी स्थान पर खड़ा हो सकता है।
800 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के लिए तैनात किया था
तौकीर मियां के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद अफसर अलर्ट हो गए थे। बारादरी, कोतवाली और किला थाना क्षेत्रों में पुलिस तैनात कर दी गई थी। कई जगहों पर बैरिकेड भी लगाए गए थे। हालांकि, पुलिस ने किसी को भी रोककर वापस नहीं किया। शुक्रवार को कोतवाली, बारादरी और किला थाना क्षत्रों में 800 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शाहमतगंज, पुराना शहर, शाहदाना, शहामतगंज, कालीबाड़ी, बड़ा बाजार समेत बिहारीपुर में कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी। सुबह से ही पुलिस सतर्क थी। कई लोगों पर नजर बनाए हुए थी। दोपहर में करीब 12 बजे पुलिस बैरिकेडिंग पर खड़ी हो गई। इसके बाद लोगों की भीड़ गली-मोहल्लों से होते हुए इस्लामिया ग्राउंड पर पहुंची।
