बरेली: कॉलेज जा रही छात्रा से छेड़छाड़
बरेली, अमृत विचार। कॉलेज जा रही बीकॉम की छात्रा को रास्ते में रोककर युवक ने तमंचे के बल पर उसका फोन छीना और अपने साथ चलने का दबाव बनाया। छात्रा द्वारा विरोध करने पर युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के परिजन जब इसकी शिकायत करने युवक के घर पहुंचे तो उसने अभद्रता व …
बरेली, अमृत विचार। कॉलेज जा रही बीकॉम की छात्रा को रास्ते में रोककर युवक ने तमंचे के बल पर उसका फोन छीना और अपने साथ चलने का दबाव बनाया। छात्रा द्वारा विरोध करने पर युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के परिजन जब इसकी शिकायत करने युवक के घर पहुंचे तो उसने अभद्रता व मारपीट शुरू कर दी। साथ ही छात्रा को तेजाब से जलाने व उसकी फोटो वायरल करने की धमकी दे दी। परिजनों की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी बीकॉम की छात्रा है। बताया कि 29 दिसंबर 2021 की सुबह करीब 7:45 बजे उनकी बेटी कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में सीआई पार्क के पास क्षेत्र के टायर मंडी निवासी मुदस्सिर ने युवती को रास्ते में रोककर तमंचा दिखाया और उसका फोन छीन लिया। फोन से चैट डिलीट करने के बाद उसपर अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा। बताया कि युवक ने पहले भी कई बार उनकी बेटी से छेड़छाड़ की थी। साथ ही छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बनाता था।
इसकी शिकायत छात्रा ने परिजनों से कर दी थी। उसी वजह से आरोपी रंजिश मानने लगा और छात्रा को तेजाब से जलाने व जान से मारने की धमकी देने लगा था। बेटी व खुद की जान को खतरा जताते हुए महिला ने प्रेमनगर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी मुदस्सिर के खिलाफ छेड़छाड़, धमकाने व जबरन रास्ते में रोकने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
