बरेली: यात्रियों को राहत देगा जंक्शन का नया एस्केलेटर
बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन पर शनिवार को एस्केलेटर (स्वचलित सीढ़ियां) और क्विक वाटरिंग सिस्टम का पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद सन्तोष गंगवार, महापौर डा. उमेश गौतम और नगर विधायक अरुण कुमार ने उद्घाटन किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अजय नंदन भी मौजूद रहे। इस मौके पर संतोष गंगवार ने कहा कि बरेली …
बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन पर शनिवार को एस्केलेटर (स्वचलित सीढ़ियां) और क्विक वाटरिंग सिस्टम का पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद सन्तोष गंगवार, महापौर डा. उमेश गौतम और नगर विधायक अरुण कुमार ने उद्घाटन किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अजय नंदन भी मौजूद रहे। इस मौके पर संतोष गंगवार ने कहा कि बरेली जंक्शन को विश्व स्तरीय सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वचलित सीढ़ियों की सुविधा यात्रियों के लिए शुरू की गई है।
डीआरएम ने बताया कि कोरोना काल के चलते एस्केलेटर निर्माण की गति थोड़ी धीमी हुई थी लेकिन फिर भी इंजीनियरिंग विभाग द्वारा तेजी से काम को आगे बढ़ाते हुए इसे पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि पहले बरेली जंक्शन से गुजरने वाली काफी ट्रेनों में जब पानी खत्म हो जाता था तब गर्मियों के दिनों में खासकर धीमी गति से पानी भरने के कारण काफी दिक्कत होती थी। लेकिन क्विक वाटरिंग सिस्टम जरूरत के मुताबिक क्षमता बढ़ा पाता है।
5 से 10 मिनट के अंदर पूरी ट्रेन में पानी भरा जा सकता है। लाल फाटक रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर उन्होनें कहा कि निर्माण के दौरान आ रही हर समस्या को सुलझा लिया गया है। प्रयास किया जा रहा है कि इस वित्तीय वर्ष में काम पूरा कर लिया जाए। उन्होंने सांसद, माहपौर, नगर विधायक को बरेली जंक्शन पर किए गए विकास कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होनें कहा कि नव निर्मित एस्केलेटर बुजुर्गों, दिव्यांगो, महिलाओं आदि के लिए वरदान साबित होगा। अब बरेली जंक्शन पर एस्केलेटर की संख्या दो जोड़ी हो चुकी है। इस दौरान अपर मण्डल रेल प्रबंधक/ परिचालन राकेश सिंह, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह, वरिष्ठ मण्डल विद्युत अभियंता सचिन गोयल, वरिष्ठ मण्डल अभियंता कुलवंत सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
