रामपुर: यूनिक बाजार के संचालक की हत्या
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शाहबाद गेट के पास चल रहे यूनिक बाजार के संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार की रात आठ बजे किट प्लाई रोड पर बाजार संचालक अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से कमरे पर जा रहा था। बाइक सवार दो युवकों ने उसे रास्ते …
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शाहबाद गेट के पास चल रहे यूनिक बाजार के संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार की रात आठ बजे किट प्लाई रोड पर बाजार संचालक अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से कमरे पर जा रहा था। बाइक सवार दो युवकों ने उसे रास्ते में रोका और तमंचे से गले पर सटाकर गोली मार दी, आनन फानन में मरणासन्न हालत में उसे दोस्त और अन्य लोग जिला अस्पताल ले गए। मुरादाबाद रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पिता ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
जिला मुरादाबाद के थाना कटघर मोहल्ला अंबेडकर नगर में रहने वाले और शैफनी के रायपुर का मजरा के रहने वाले मित्रपाल का बेटा समीर राजपूत शाहबाद गेट के निकट यूनिक बाजार को फ्रैंचाइजी लेकर चलाता था। समीर ने सिविल लाइंस के ज्वालानगर में किराए पर कमरा ले रखा था। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे करीब समीर यूनिक बाजार से कमरे पर जा रहा था। इस दौरान उसका एक रिश्तेदार विशाल भी उसके साथ था। परिजनों के अनुसार जैसे ही विशाल और समीर किटप्लाई रोड पर पहुंचे तो पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोगों ने उनके नजदीक आकर समीर को रोककर गले पर सटाकर गोली मार दी थी।
रिश्तेदार गंभीर हालत में समीर को मरणासन्न हाल में जिला अस्पताल ले गए जहां से मुरादाबाद रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवारों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने उसके दोस्त विशाल से भी पूछताछ की है। समीर टैक्सी स्टैंड के पास भी किराये पर रहता था सीओ और एसओ ने वहां जाकर भी पूछताछ की है।
दोस्त की बहन से चल रही थी शादी की बात
मृतक के पिता मित्रपाल का कहना है कि उसका बेटा कई सालों से रामपुर में ही किराए के मकान में रहकर काम करता था। पहले टैक्सी स्टैंड रोड पर किराये पर रहता था। अब ज्लालानगर में रहने लगा। उसके किसी दोस्त की बहन से उसकी शादी की बातचीत भी चल रही थी। परिजन कहते हैं कि उसकी और किसी से कोई दुश्मनी तक नहीं थी। वहीं पुलिस यूनिक बाजार के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। रंजिश के क्लू तलाश किए जा रहे हैं।
वर्जन–
समीर की हत्या के मामले में दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके दोस्त को कुछ जानकारी हासिल करने के लिए थाने बुलाकर पूछताछ की गई थी। अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है। – लव सिरोही, प्रभारी निरीक्षक, सिविल लाइंस थाना
