विधानसभा चुनाव 2022: बाराबंकी में 1-8 फरवरी तक होंगे नामांकन, 27 फरवरी को पड़ेगा वोट
बाराबंकी। जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 फरवरी से शुरू होकर 8 फरवरी तक चलेगी। नामांकन तहसील सदर के न्यायालयों पर होगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 27 फरवरी को ही वोट डाले जाएंगे। जिसमें रुदौली विधानसभा क्षेत्र के 14 मतदान केंद्र भी शामिल है। सोमवार को पत्रकारों से वार्ता करते …
बाराबंकी। जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 फरवरी से शुरू होकर 8 फरवरी तक चलेगी। नामांकन तहसील सदर के न्यायालयों पर होगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 27 फरवरी को ही वोट डाले जाएंगे। जिसमें रुदौली विधानसभा क्षेत्र के 14 मतदान केंद्र भी शामिल है।
सोमवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिला अधिकारी डॉ.आदर्श सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुराग वत्स ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जिले में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
जिला अधिकारी ने बताया कि कुर्सी विधानसभा क्षेत्र का नामांकन नायब तहसीलदार देवा के कक्ष में, रामनगर विधानसभा क्षेत्र का नामांकन उप जिला अधिकारी न्यायिक नवाबगंज के न्यायालय में, बाराबंकी सदर विधानसभा क्षेत्र का नामांकन उप जिलाधिकारी नवाबगंज के न्यायालय में, जैदपुर विधानसभा क्षेत्र का नामांकन तहसीलदार नवाबगंज के न्यायालय कक्ष में, दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र का नामांकन तहसीलदार न्यायिक के कक्ष में तथा हैदर गढ़ विधानसभा क्षेत्र का नामांकन नायब तहसीलदार सफेदाबाद के न्यायालय कक्ष में होगा।
ऑनलाइन भी कर सकेंगे नामांकन
जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन दाखिल करते समय केवल दो व्यक्ति ही नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। नामांकन कक्ष के 200 मीटर परिधि के बाहर केवल दो वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जाएगी। ऑनलाइन नामांकन की सुविधा भी सी ई ओ और डीईओ पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि रोड शो के माध्यम से प्रचार के लिए केवल 5 वाहन ही अनुमन्य होंगे। दो काफिले के बीच आधे घंटे का अंतराल होना आवश्यक होगा। इन पांच वाहनों में सुरक्षा वाहन शामिल नहीं है। डोर टू डोर प्रचार के दौरान केवल पांच व्यक्ति ही एक साथ चल सकेंगे।
रैली और सभाओं के लिए जिले के 30 मैदान चयनित किए गए हैं जिनमें सबसे अधिक 8 मैदान हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में है। इसके अलावा फतेहपुर में 4 नवाबगंज और रामसनेहीघाट में 5-5 रामनगर दरियाबाद में दो दो मैदान चयनित किया गया है।
बुजुर्गों को मिलेगी पोस्टल मतदान की सुविधा
जिलाधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि बाराबंकी में 39675 ऐसे मतदाता है जिनकी आयु 80 वर्ष से अधिक है। इन्हें पोस्टल बैलट की सुविधा प्रदान की जाएगी। बीएलओ खुद उनके आवास पर जाकर यह सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
इसके अलावा दिव्यांग और सर्विस वोटर को भी पोस्टल बैलट की सुविधा प्रदान की जाएगी जिनमें सर्विस वाले वोट 1044 और दिव्यांग मतदाता 18335 है। इनमें से उन्हीं दिव्यांगों को पोस्टल बैलट की सुविधा उपलब्ध होगी जिनके पास दिव्यांग प्रमाण पत्र उपलब्ध है। पोस्टल बैलट का मतदान 27 फरवरी से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
निरस्त होंगे 280 असलहों के लाइसेंस
पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि जिले में 280 असलहों को निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है। 10934 असल में जमा कराए जा चुके हैं। 32946 लोगों को पाबंद किया गया है। 180 के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। 14 किलो मार्फिन और 10 किलो गांजा बरामद किया गया है 421 लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की कार्रवाई की गई है अवैध शस्त्र रखने वाले 91 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पढ़ें- बिजनौर में बढ़ रहा कोरोना का ग्राफ, नहटौर थाने में 5 पुलिसकर्मी मिले पॉजिटिव
