बरेली: संक्रमित एलटी को बुलाया अस्पताल, प्रभारी से नोकझोंक
बरेली, अमृत विचार। एक तरफ सरकार कोविड को बढ़ने से रोकने के तमाम प्रयास कर रही है तो दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इन प्रयासों पर पानी फेर रहे हैं। 300 बेड कोविड चिकित्सालय में आउटसोर्सिंग कंपनी से तैनात एक लैब टेक्नीशियन (एलटी) रविवार दोपहर जांच में कोरोना संक्रमित निकला। इसकी सूचना उसने प्रबंधन …
बरेली, अमृत विचार। एक तरफ सरकार कोविड को बढ़ने से रोकने के तमाम प्रयास कर रही है तो दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इन प्रयासों पर पानी फेर रहे हैं। 300 बेड कोविड चिकित्सालय में आउटसोर्सिंग कंपनी से तैनात एक लैब टेक्नीशियन (एलटी) रविवार दोपहर जांच में कोरोना संक्रमित निकला। इसकी सूचना उसने प्रबंधन को दी। अस्पताल के प्रभारी डॉ. सतीश चंद्रा ने आईसोलेट रहने के बजाय एलटी को अस्पताल बुला लिया। उसकी दोबारा जांच कराई जिसमें भी वह फिर संक्रमित निकला। ऐसे में उसके कई लोगों के संपर्क में आने की संभावना है। इस पर एलटी की प्रभारी से तीखी नोकझोंक हुई। एलटी ने उन पर भ्रष्टाचार और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए। सुबह करीब 11 बजे अस्पताल स्थित कोरोना फ्लू कार्नर में हंगामा भी हुआ। हालांकि, प्रभारी ने सीएमओ को पत्र भेजकर एलटी पर कार्रवाई की मांग की है।
आखिर दोबारा क्यों बुलाया गया संक्रमित
सोमवार को जब लैब टेक्नीशियन जांच में संक्रमित मिला तो उसने फौरन सर्विलांस प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम को इस बाबत सूचना दी थी। बावजूद एलटी को प्रभारी चिकित्सा ने दोबारा जांच करने के लिए बुलाया। जबकि, एलटी को कोरोना गाइडलाइन के अनुसार होम आइसोलेशन या अस्पताल में भर्ती करना चाहिए था। एलटी ने प्रभारी को पुरानी संक्रमित आने की रिपोर्ट भी दिखाई लेकिन प्रभारी नहीं माने इस पर जब कोरोना फ्लू कार्नर में एलटी की जांच हुई तो दोबारा जांच में भी एलटी संक्रमित मिला।
प्रभारी की डांट के बाद 70 की कोरोना जांच करती रही संक्रमित एलटी
कोरोना फ्लू कार्नर पर ही आउटसोर्सिंग कंपनी से तैनात महिला लैब टेक्नीशियन ने सोमवार सुबह प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश चंद्रा को सूचना दी कि उसकी तबियत ठीक नहीं है जिस कारण बीते रविवार को उसने कोरोना जांच को सैंपल दिया लेकिन प्रभारी ने एलटी को डांट कर ड्यूटी से बचने का तर्क देकर मरीजों की जांच करने को कहते रहे। इस पर एलटी ने सोमवार को कुल 70 मरीजों की कोरोना जांच की। हैरत की बात यह रही कि शाम को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ऐसे में एलटी कई लोगों के संपर्क में आ गई।
वर्जन–
300 बेड कोविड चिकित्सालय में तैनात एलटी ने संक्रमित होने के बाद फौरन सूचना दी थी। इस बाबत उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया था। संक्रमित की रिपोर्ट भी पोर्टल पर अपलोड कर दी गई थी।
-डॉ. अनुराग गौतम, प्रभारी, सर्विलांस सेल
वर्जन
कई कर्मचारी ड्यूटी से बचने के लिए झूठी सूचना दे देते हैं जिस कारण एलटी को अस्पताल आकर दोबारा जांच कराने को बुलाया था। इस दौरान एलटी ने अभद्रता की। इस बाबत सीएमओ को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
-डॉ. सतीश चंद्रा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, 300 बेड कोविड चिकित्सालय
