मुरादाबाद : ट्रेन से कटकर प्राइवेट शिक्षिका की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर युवती की मौत हो गई। परिजनों ने घटना को हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। युवती निजी स्कूल में शिक्षक थी। वह कोचिंग भी कर रही थी। मामला हादसा और आत्महत्या …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर युवती की मौत हो गई। परिजनों ने घटना को हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। युवती निजी स्कूल में शिक्षक थी। वह कोचिंग भी कर रही थी। मामला हादसा और आत्महत्या में उलझा है।
मूंढापांडे थाने के सामने रहने वाले जमील की 23 वर्षीया पुत्री निशा उर्फ सोनी सिद्दीकी नियामतपुर इकरोटिया स्थित निजी स्कूल में पढ़ाती थी। वह महानगर में कोचिंग लेकर कंपटीशन की तैयारी भी कर रही थी। जमील ने बताया कि सोमवार सुबह निशा बरसीम लेकर खेतों से लौट रही थी। इस दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय रामपुर की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, चर्चा है कि शिक्षिका की परिजनों से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। इसके चलते वह सोमवार सुबह घर से निकली और रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली।
बिलारी में युवक ने की आत्महत्या
मुरादाबाद। रविवार देर रात युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। उसका दो हिस्सों में बंटा शव सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच युवक के परिजन पहुंच गए। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बिलारी कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया नरु निवासी 22 वर्षीय अर्जुन सिंह मुरादाबाद की एक पीतल फर्म में काम करता था। रविवार को अवकाश होने के कारण वह घर पर ही था। दोपहर के समय वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया। इसके बाद परिजन उसे तलाश करते रहे, मगर सुराग नहीं लगा।
सोमवार को उसका शव मुरादाबाद-चंदौसी रेल लाइन पर ईसापुर गांव के पास मिला। उसका धड़ सिर से अलग था। इससे माना जा रहा कि अर्जुन ने खुदकुशी की है। सूचना पर पहुंची पुलिस अज्ञात में शव का पंचनामा भरने की तैयारी कर रही थी, मगर तभी उसके परिजन पहुंच गए और शव की शिनाख्त अुर्जन सिंह के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इंस्पेक्टर बिलारी सुनील कुमार ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है, इसलिए परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। युवक ने आत्महत्या क्यों की इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
