मुरादबाद : गार्ड की बंदूक से चली गोली, छह छात्राओं समेत सात घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर मुगलपुरा थाना क्षेत्र में यूनियन बैंक के गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चल गई। छर्रे लगने से छह छात्राओं समेत सात लोग घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गार्ड को बंदूक समेत हिरासत में ले लिया। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर मुगलपुरा थाना क्षेत्र में यूनियन बैंक के गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चल गई। छर्रे लगने से छह छात्राओं समेत सात लोग घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गार्ड को बंदूक समेत हिरासत में ले लिया। घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है।

मुगलपुरा थाना क्षेत्र में गुजराती मोहल्ले की रेती स्ट्रीट में गोकुलदास कन्या महाविद्यालय के पास यूनियन बैंक की शाखा है। इस बैंक में प्रताप सिंह इंटर कॉलेज की छात्राओं के छात्रवृति के लिए खाते खुले हैं। मोहल्ला लालबाग निवासी छात्राएं मंगलवार दोपहर छात्रवृत्ति की जानकारी लेने बैंक आई थीं। बंदूकधारी सुरक्षा गार्ड ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया। इस पर छात्राएं बैंक के बाहर लगी कतार में खड़ी हो गईं।

बैंक में अधिक भीड़ होने के कारण कुछ लोगों की गार्ड से धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान गार्ड की बंदूक नीचे गिर गई और उससे फायर हो गया। गार्ड की बंदूक से निकली गोली से लाइन में लगी मां-बेटी समेत छह छात्राएं घायल हो गईं। इससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही घायलों के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सुरक्षा गार्ड को घेर लिया और उस पर हमला करने का प्रयास किया। मगर मौके पर मौजूद मुगलपुरा पुलिस ने गार्ड को हिरासत में ले लिया, जबकि घायल छात्राओं को अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर मौके से साक्ष्य भी इकट‌्ठा कराए। घायल दो छात्राओं को पास में ही स्थित निजी चिकित्सक के यहां भेज दिया गया। बाद में मां-बेटी समेत छह घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जांच की जा रही है।

जबरन अंदर घुस रहे युवक को रोकने में गिरी बंदूक
सुरक्षा गार्ड रिटायर्ड फौजी राजकुमार ने बताया कि वह गेट पर लोगों को रोक रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति ने जबरन अंदर जाने का प्रयास किया। रोकने पर उसने इतनी जोर से धक्का मारा कि बंदूक नीचे गिर गई और फायर हो गया। इस दौरान उसकी बंदूक का कुंडा भी टूट गया। राजकुमार के अनुसार वह 38 साल फौज में रहा है। उसने किसी तरह की लापरवाही नहीं की है। यह केवल एक हादसा था कि बंदूक में लॉक लगा होने के बाद भी फर्श पर गिरने से फायर हो गया।

छर्रे लगने से यो लोग हुए घायल
बैंक में हुई फायरिंग की घटना में कोतवाली क्षेत्र के सराय शेख महमूद लाल मस्जिद निवासी रूबी पत्नी मोहम्मद फहीम, उसकी बेटी 20 वर्षीय राना, नागफनी थाना क्षेत्र के नवाबपुरा निवासी 11वीं की छात्रा ज्वाला पुत्री महेश, लालबाग मुगलपुरा निवासी मेघा सैनी पुत्री चरन सिंह, मुगलपुरा हाथी वाला मंदिर निवासी राखी पुत्री नन्हे और मीरा पुत्री तेजपाल घायल हो गईं। सभी घायलों को पैर में गोली लगी है, जबकि मेघा सैनी के हाथ में छर्रे लगे हैं। मेघा बिना मेडिकल कराए ही घर चली गई। घायल रूबी ने बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले ही बैंक में खाता खुलवाया था। वह हिंदू कालेज में बीकॉम की छात्रा अपनी बेटी राना के साथ खाता नंबर की जानकारी लेने आई थी। मां-बेटी लाइन में खड़ी थीं कि तभी फायर हुआ और पैर में गोली लगने से दोनों घायल हो गईं। ज्वाला ने बताया कि वह प्रताप सिंह इंटर कालेज में 11वीं की छात्रा है। अपनी दोस्त मेघा सैनी और वर्षा के साथ छात्रवृत्ति की जानकारी लेने बैंक गई थी। इसके अलावा मीरा और राखी भी छात्रवृत्ति की जानकारी लेने के लिए ही बैंक गई थी।

घटना के बाद मौके पर हुआ हंगामा
बैंक में गोली चलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायलों के परिजन भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वहां पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा गार्ड का घेराव करने की कोशिश भी की। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे सीओ कटघर आशुतोष तिवारी और इंस्पेक्टर मुगलपुरा अमित कुमार ने किसी तरह गार्ड को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बैंक को भी तत्काल बंद करा दिया।

मुगलपुरा में यूनियन बैंक में धक्का-मुक्की के दौरान गार्ड की बंदूक गिरने से गोली चली है। छर्रे लगने से छह लोग घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बंदूक को भी जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -आशुतोष तिवारी, सीओ कटघर

संबंधित समाचार