मुरादाबाद में मिले 156 नये कोरोना संक्रमित, 14 कोविड अस्पताल में हुए भर्ती
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में हर दिन कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। मंगलवार को 156 नये संक्रमित मिले। नये मरीजों में एक निजी चिकित्सक, जिला अस्पताल की तीन महिला स्वास्थ्यकर्मी, टीएमयू के 12, लाइनपार के चार, पुलिस अकादमी के तीन, पुलिस लाइन के चार, कुंदरकी में तीन, कोतवाली, जेल, डीएम आवास का एक शख्स …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में हर दिन कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। मंगलवार को 156 नये संक्रमित मिले। नये मरीजों में एक निजी चिकित्सक, जिला अस्पताल की तीन महिला स्वास्थ्यकर्मी, टीएमयू के 12, लाइनपार के चार, पुलिस अकादमी के तीन, पुलिस लाइन के चार, कुंदरकी में तीन, कोतवाली, जेल, डीएम आवास का एक शख्स है।
एक दिन पहले डीएम के बेटे भी संक्रमण की जद में आ गए थे। इनके अलावा डीआरएम ऑफिस, तहसील कांठ, आरएम ऑफिस, साईं हॉस्पिटल, यूनियन बैंक, वार्ड नंबर 18, वार्ड नंबर छह, पारा हॉस्पिटल आशियाना, मूढपांडे में पांच मरीज हैं। इनको होम आइसोलेट कराया गया है। पुराने 14 मरीजों को सांस लेने में दिक्कत पर जिला अस्पताल के 100 बेड के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
राज्यस्तरीय सर्विलांस सेल की गाइडलाइन के अनुसार हर कोरोना मरीज में ओमिक्रान की पुष्टि की जीनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सैंपल भेजा जा रहा है। मगर, यहां से 10 दिन बीतने के बाद भी कई मरीजों की रिपोर्ट न आने से ओमिक्रान को लेकर संदेह बना है। इन मरीजों की ट्रेवेल हिस्ट्री भी है।
कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच के लिए मंगलवार को भी टीमें विभिन्न क्षेत्रों में दौड़ीं। 248 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया। इन्हें रिपोर्ट आने तक आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। आईडीएसपी के जिला डेटा मैनेजर अंकित शर्मा ने बताया कि नए 156 मरीजों के संपर्क में आने वालों की बुधवार को जांच के लिए टीमें जाएंगी।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव का कहना है कि जो भी मरीज हैं, उनकी स्थिति की जानकारी लेकर होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है। जिनकी तबीयत सांस या किसी अन्य गंभीर बीमारी के चलते अधिक गड़बड़ है, उन्हें कोविड यूनिट में भर्ती कराया जा रहा है। होम आइसोलेशन के मरीज व उनकी देखभाल करने वालों को कोरोना नियमों के पालन की जानकारी दी गई है।
