बरेली: पानी भरने से स्वालेनगर चार्जिंग स्टेशन पर रुका काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। शहरवासियों को इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। इनके संचालन को लेकर आरटीओ में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। मंगलवार को इसकी फाइल आरटीओ में जमा की गई। इधर,स्वालेनगर चार्जिंग स्टेशन पर पानी भरने से उसका काम रुक गया है। इस …

अमृत विचार, बरेली। शहरवासियों को इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। इनके संचालन को लेकर आरटीओ में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। मंगलवार को इसकी फाइल आरटीओ में जमा की गई। इधर,स्वालेनगर चार्जिंग स्टेशन पर पानी भरने से उसका काम रुक गया है। इस कारण भी कुछ विलंब और लगेगा।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर की सीमा को जोड़ते हुए इलेक्ट्रिक बसें चलाई जानी हैं।

आचार संहिता लगने से पूर्व महापौर डा. उमेश गौतम, शहर विधायक डा. अरुण कुमार ने शासन की तरफ से मिली एक बस का हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया था। उसके बाद शासन की तरफ से दो और बसें मुहैया कराई गईं लेकिन अभी बस के संचालन संबंधी तमाम सरकारी औपचारिकताएं अधूरी हैं। सिटी बस का रजिस्ट्रेशन, ईटीएम में बस नंबर, रूट, किराया आदि फीडिंग का काम होगा। इधर, स्वालेनगर में बन रहे इलेक्ट्रिक बस के लिए चार्जिंग स्टेशन में चार्जर लगाए जाने का काम पीएमआइ कंपनी द्वारा किया जा रहा है।

इधर, कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते इसका कार्य प्रभावित हुआ है। बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आरके त्रिपाठी ने बताया कि चार्जिंग प्वाइंट लगाने के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी भर जाने से कुछ काम प्रभावित हुआ है। कार्यदायी कंपनी से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कंपनी की ओर से आई तीनों बसों के पंजीकरण के लिए फाइल संभागीय परिवहन विभाग को भेज दिया गया है। चार्जिंग स्टेशन तैयार होते ही बसों का संचालन तीनों रूट पर शुरू कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार