लखीमपुर खीरी: गन्ना भरने जा रहे ट्रैक्टर चालक की गोली मारकर हत्या
बेहजम-खीरी, अमृत विचार। पुलिस से बेखौफ बाइक सवार तीन हमलावलों ने मंगलवार की सरेशाम गन्ना भरने जा रहे ट्रैक्टर चालक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। गोली मुंह पर लगने से ट्रैक्टर चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस व परिवार के लोग घायल …
बेहजम-खीरी, अमृत विचार। पुलिस से बेखौफ बाइक सवार तीन हमलावलों ने मंगलवार की सरेशाम गन्ना भरने जा रहे ट्रैक्टर चालक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। गोली मुंह पर लगने से ट्रैक्टर चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस व परिवार के लोग घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना मंगलवार की शाम करीब पांच बजे गोला-कस्ता मार्ग पर भदौरिया फिलिंग स्टेशन के पास थाना नीमगांव क्षेत्र में हुई।
थाना नीमगांव के कसबा सिकंद्राबाद निवासी अशैलेंद्र त्रिवेदी (30) अपने भांजे प्रिंस दीक्षित और भतीजे अनमोल के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भरने टेड़वा निवासी अपनी बहन के घर जा रहे थे। परिवार वालों ने बताया कि ट्रैक्टर में डीजल कम था। इस पर तीनों लोग डीजल लेने भदौरिया फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे। डीजल डलवाकर सभी लोग गन्ना भरने के लिए टेढ़वा गांव जा रहे थे। ट्रैक्टर अशैलेन्द्र त्रिवेदी चला रहे थे। पेट्रोल पंप से कुछ दूर गोला-कस्ता मार्ग पर सामने से आए एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने चालक अशैलेंद्र त्रिवेदी पर तमंचों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग से मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।
लोग जान बचाकर इधर-उधर दुबक गए। हमलावरों की चलाई गई गोलियों में से एक गोली अशैलेंद्र के मुंह पर जा धंसी, जिससे अशैलंद्र खून से लथपथ होकर गिर गया। हमलावर उसे मृत समझकर तमंचा लहराते हुए मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस व परिवार के लोग आनन-फानन में जिंदगी और मौत से जूझ रहे अशैलेंद्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजकरन वर्मा ने बताया कि अभी घटना की तहरीर नहीं मिली है। परिवार वालों ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
