रामपुर: सैंजनी नानकार में अवैध कालोनी ध्वस्तीकरण के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। शहर में भू-माफिया द्वारा अवैध कालोनियां काटकर की जा रही प्लाटिंग के धंधे पर सख्ती दिखाते हुए रामपुर विकास प्राधिकरण ने सैंजनी नानकार में एक अवैध कालोनी के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए हैं। 20170 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में तैयार की गई इस कालोनी में कच्ची रोड तैयार करके नींव भरकर प्लाटिंग …

रामपुर, अमृत विचार। शहर में भू-माफिया द्वारा अवैध कालोनियां काटकर की जा रही प्लाटिंग के धंधे पर सख्ती दिखाते हुए रामपुर विकास प्राधिकरण ने सैंजनी नानकार में एक अवैध कालोनी के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए हैं। 20170 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में तैयार की गई इस कालोनी में कच्ची रोड तैयार करके नींव भरकर प्लाटिंग की जा रही है। इसी तरह शहर में कई स्थानों पर अवैध कालोनियां काटी गई हैं। जहां भू-माफिया तहसील के राजस्वकर्मियों की साठगांठ से प्लाटिंग कर रहे हैं। कालोनी के ध्वस्तीकरण आदेश के बाद भू-माफियाओं में खलबली मच गई है।

बता दें कि अमृत विचार ने शहर में भू-माफिया की साठगांठ से नान जेड ए की जमीनों पर कब्जा करके उसकी रजिस्ट्री कराके कालोनियां काटकर प्लाट बेचने वालों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इससे राजस्व कर्मियों के साथ ही रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों में खलबली मची हुई है। इसी के चलते अपने को बचाने के लिए ऐसी कालोनियों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी तरह सैंजनी नानकार में 20170 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में काटी गई कालोनी को उप्र नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 173 की धारा 27 (1) के तहत किए आदेश ध्वस्तीकरण के आदेश रामपुर विकास प्राधिकरण के सचिव/नगर मजिस्ट्रेट हेमसिंह ने किए हैं।

आदेशों में कहा गया है कि क्षेत्रीय अवर अभियंता हरिओम गुप्ता ने 17 दिसंबर को आख्या प्रस्तुत की थी कि अनीस अहमद, तौफीक अहमद, सईद अहमद, मुईन अहमद सैंजनी नानकार में हामिद लान के निकट 20170 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में कच्ची रोड डालकर प्लाटिंग का काम कर रहे हैं, इनके पास मानचित्र भी नहीं है। जोकि उप्र नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा 14 व 15 के तहत अनुमति प्राप्त नहीं करने के कारण अवैध है। इसके बाद संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस लेने के बाद भी आरोपी अपना पक्ष प्रस्तुत करने नहीं पहुंचे, और नोटिस के बाद अनाधिकृत निर्माण भी नहीं हटाया।

इसके बाद प्राधिकरण के सचिव नगर मजिस्ट्रेट ने ध्वस्तीकरण के आदेश दिए हैं। 15 दिन में खुद अनाधिकृत निर्माण नहीं हटाया तो जेसीबी चलाकर तोड़ दिया जाएगा, जिसमें होने वाला व्यय भी संबंधित से वसूल किया जाएगा। इस संबंध में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय सेवा प्रमुख फैसल मुमताज़ ने भी मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। सीएम कार्यालय से कार्र्वाई के आदेश दिए गए थे।

प्लाटिंग के नाम पर करोड़ों रुपये हड़पने के आरोप
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय सेवा प्रमुख फैसल मुमताज़ का आरोप है कि बैगर आरडीए की मानचित्र की स्वीकृति के 175 बीघे ज़मीन में अवैध प्लाटिंग के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। जिसकी लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। कुछ लोगों से प्लाटिंग के नाम पर करोड़ों रुपए भी हड़प लिए गए हैं। भूमाफिया द्वारा मुजम्मिल हुसैन और उसके साथियों से जमीन बेचने के नाम पर 1 करोड़ 75 लाख से अधिक रुपये हड़प लिए हैं। इस तरह के मामले शहर में कई स्थानों पर हैं। भू-माफिया प्लाटिंग के नाम पर गलत जमीनें बेचकर लोगों को ठग रहे हैं।

शहर के कई और इलाकों में भू-माफिया का आतंक
शहर में गांधि समाधि के निकट रोड पर, अजीतपुर में, पनवड़िया, भमरौआ, डूंगरपुर बिलासपुर गेट के पास और जौहर अस्पताल की साइड में नए बने हाईवे की तरफ अवैध प्लाटिंग की जा रही है। रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

वर्जन— सैंजनी नानकार में हामिद लान के निकट कालोनी के ध्वस्तीकरण आदेश हुए हैं। 15 दिन का समय दिया है। स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाया तो प्राधिकरण जेसीबी से अवैध निर्माण ढहाएगा। जिसका खर्च भी संबंधित से वसूला जाएगा।
-हरिओम गुप्ता, अवर अभियंता, रामपुर विकास प्राधिकरण।

संबंधित समाचार