मुरादाबाद : नगर निगम के वाहन की टक्कर से घायल कंप्यूटर इंजीनियर की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। गुरहट्टी चौराहे पर नगर निगम के वाहन से घायल हुए निजी कंपनी के कंप्यूटर इंजीनियर की उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। देर रात परिजन शव लेकर हैदराबाद रवाना हो गए। मूल रूप से हैदराबाद के तेलंगाना महबूबाबाद निवासी आलमगीर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गुरहट्टी चौराहे पर नगर निगम के वाहन से घायल हुए निजी कंपनी के कंप्यूटर इंजीनियर की उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। देर रात परिजन शव लेकर हैदराबाद रवाना हो गए। मूल रूप से हैदराबाद के तेलंगाना महबूबाबाद निवासी आलमगीर वहां की एक मस्जिद में इमामत करते हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा बेटे शिवतुल्ला, असदउल्ला, इमातुल्ला और इकरामुल्ला हैं। दूसरे नंबर का बेटा 25 वर्षीय असदउल्ला हैदराबाद की आईटी कंपनी में कंप्यूटर इंजीनियर था। उसकी कंपनी मुरादाबाद कलेक्ट्रेट में डिजिटल मैपिंग का काम कर रही है।
असदउल्ला की ड्यूटी भी यहीं लगी थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे असदउल्ला अपने दोस्त अनिल कुमार ने साथ पैदल कोतवाली क्षेत्र से कलेक्ट्रेट की ओर आ रहा था। गुरहट्टी चौराहे पर भीड़ अधिक होने से दोनों सड़क किनारे खड़े हो गए थे, तभी नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी ने असदउल्ला को पीछे से टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद असदउल्ला खंभे से टकरा गया था। नगर निगम की गाड़ी और खंभे के बीच फंसकर वह बुरी तरह घायल हो गया था। साथी अनिल ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर अनिल ने उसे कांठ रोड के कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान देर रात सवा बजे उसकी मौत हो गई थी।
अनिल ने उसके माता-पिता को फोन द्वारा असदउल्ला की मौत की सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही उसके पिता, मामा, नाना व गुड़गांव में रहने वाले कुछ रिश्तेदार गुरुवार को मुरादाबाद पहुंच गए थे। सिविल लाइंस पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद असदउल्ला का शव उन्हें सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद देर रात परिजन शव लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचे और तहरीर दी। इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजन शव लेकर हैदराबाद रवाना हो गए। पुलिस ने नगर निगम के वाहन को जब्त किया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
बाइक-स्कूटी की टक्कर में होमगार्ड घायल
मुरादाबाद। सदर कोतवाली में तैनात होमगार्ड पीलीकोठी पर हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी स्कूटी को टक्कर मारने के बाद बाइक सवार फरार हो गया। घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के गांव काजीपुरा निवासी नरेश होमगार्ड हैं। वर्तमान में नरेश की ड्यूटी सदर कोतवाली में है। गुरुवार को वह ड्यूटी खत्म करने के बाद स्कूटी से घर जा रहे थे। पीलीकोठी चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसमें नरेश बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बाइक सवार मौका पाकर फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने घायल होमगार्ड को ई-रिक्शा द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया। इस बीच सूचना पाकर घायल के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। बेहतर उपचार के लिए परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए।
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल, गंभीर
मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर कला निवासी 42 वर्षीय अतीक अहमद प्राइवेट फर्म में नौकरी करता है। गुरुवार को वह किसी काम से कटघर क्षेत्र में गया था। सुबह करीब 11 बजे हनुमान मूर्ति तिराहे के पास तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को रौंद दिया। इसमें बाइक सवार अतीक घायल हो गया। पुलिस ने 105 एंबुलेंस द्वारा उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर परिवार वाले भी अस्पताल पहुंचे।
