मुरादाबाद : दहेज के लिए गर्भवती को तलाक देकर घर से निकाला, शिकायत
मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज में बुलेट और 10 लाख रुपये न मिलने पर ससुराल वालों ने गर्भवती का उत्पीड़न किया। उसकी हत्या की कोशिश की। शिकायत करने पर उसे जमकर पीटा और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। एसएसपी ने पीड़िता की शिकायत पर मझोला पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है। एसएसपी को …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज में बुलेट और 10 लाख रुपये न मिलने पर ससुराल वालों ने गर्भवती का उत्पीड़न किया। उसकी हत्या की कोशिश की। शिकायत करने पर उसे जमकर पीटा और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। एसएसपी ने पीड़िता की शिकायत पर मझोला पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में शबाना ने बताया कि उसका निकाह 14 जुलाई 2021 को मीना नगर करुला निवासी युवक से हुआ था। माता-पिता ने शादी में हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, मगर ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। आए दिन बुलेट बाइक और 10 लाख रुपये मांगते थे। ज्यादा दबाव बनाने पर उसके पिता ने दो बार में 50-50 हजार रुपये दिए, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। वह बाकी के नौ लाख रुपये व बुलेट के लिए लगातार दबाव बनाते रहे। इस बीच वह गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही पति गर्भपात के लिए दबाव बनाने लगा। पति, ननद-ननदोई जबरन उसके कमरे में घुसे और कहा कि तूने हमारी मांग पूरी नहीं की और ऊपर से गर्भवती हो गई।
पीड़िता ने बताया कि उसने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो सभी ने उसे गालियां दीं, मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर पहुंची सास ने किसी तरह उसे बचाया। उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसकी जानकारी होने पर ससुराल वालों ने सुबह उसे फिर से पीटा। पति ने तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने मझोला पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
