बरेली: परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में 69 स्कूलों ने दर्ज कराई आपत्ति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षाओं के लिए 136 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। शासन के निर्देश पर 13 जनवरी तक परीक्षा केंद्रों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए कहा गया था। जिले के कुल 69 स्कूलों ने परिषद की वेबसाइट के …

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षाओं के लिए 136 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। शासन के निर्देश पर 13 जनवरी तक परीक्षा केंद्रों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए कहा गया था। जिले के कुल 69 स्कूलों ने परिषद की वेबसाइट के माध्यम से आपत्तियां दर्ज करा दी हैं। ज्यादातर स्कूलों ने परीक्षा केंद्रों की दूरी, कुल क्षमता से अधिक विद्यार्थी आवंटन की शिकायत की है। कुछ ऐसे भी माध्यमिक विद्यालय हैं जो चयनित परीक्षा केंद्रों से प्रतिस्पर्धा के चलते परीक्षा केंद्र बदलने की मांग कर रहे हैं।

यूपी बोर्ड की ओर से सोमवार को 136 परीक्षा केंद्रों की अंतरिम सूची जारी की गई थी। इस बार बोर्ड ने अपनी सूची में जहां 22 नए विद्यालयों को शामिल कर उन्हें पहली बार केंद्र बनाया तो वहीं अब तक केंद्र बनते आ रहे 27 विद्यालयों को सूची से बाहर कर दिया। पिछली बार जिले में 132 विद्यालय परीक्षा केंद्र बने थे। इस बार हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जारी केंद्रों की सूची में 8 राजकीय विद्यालय, 89 सहायता प्राप्त स्कूल व अन्य वित्तविहीन स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया।

परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के साथ स्कूलों से ई-मेल के जरिये आपत्ति मांगी गई थीं। 13 जनवरी की रात तक ईमेल के माध्यम से 69 स्कूलों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। इन्हें जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर निस्तारण किया जाएगा। डीआईओएस डा. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों ने वेबसाइट के माध्यम से आपत्ति दर्ज करा दी हैं। इसके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार