मुरादाबाद : अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को रौंद दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मोर्चरी में रखवा दिया …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को रौंद दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मोर्चरी में रखवा दिया है।

शुक्रवार देर रात मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर में मारुति सुजुकी शोरूम के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने करीब 45 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल को सड़क किनारे पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस द्वारा उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उसकी पहचान कराने का काफी प्रयास किया। लेकिन, सफलता नहीं मिली। काली जैकेट, मेहंदी व सफेद रंग की धारीदार टीशर्ट तथा स्लेटी पेंट पहने व्यक्ति के शव के पास ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो पाती। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने 72 घंटे के लिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।

कोतवाली क्षेत्र में मिला अज्ञात अधेड़ का शव
शनिवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात अधेड़ का शव मिला। पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली। इस पर पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के आसपास रहने वालों का कहना है कि करीब 50 वर्षीय अधेड़ काफी दिनों से क्षेत्र में भीख मांगता था। उसके नाम-पते के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक घायल
मझोला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे हायर सेंटर ले गए। संभल जनपद के गुमसानी गांव निवासी 36 वर्षीय प्रदीप दिल्ली रोड स्थित ऑटो शोरूम में काम करता है। देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। लाकड़ी फाजलपुर के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी पाकर कुछ देर बाद घायल के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। इस पर परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।

संबंधित समाचार