जोकोविच का निर्वासन बरकरार, 3 साल का लगा बैन, ऑस्ट्रेलियन ओपन से भी हुए बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेलबर्न। नोवाक जोकोविच की आस्ट्रेलियाई ओपन में खेलने की उम्मीद रविवार को तब खत्म हो गयी जब एक अदालत ने निर्वासन के आदेश के खिलाफ दायर की गयी विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी की अपील को खारिज कर दिया। फेडरल कोर्ट के तीन जजों ने सर्बिया के 34 वर्षीय खिलाड़ी के वीजा को जनहित …

मेलबर्न। नोवाक जोकोविच की आस्ट्रेलियाई ओपन में खेलने की उम्मीद रविवार को तब खत्म हो गयी जब एक अदालत ने निर्वासन के आदेश के खिलाफ दायर की गयी विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी की अपील को खारिज कर दिया। फेडरल कोर्ट के तीन जजों ने सर्बिया के 34 वर्षीय खिलाड़ी के वीजा को जनहित के आधार पर रद्द करने के आव्रजन मंत्री अलेक्स हॉक के शुक्रवार को लिये गये फैसले को बरकरार रखा। जोकोविच ने कोविड-19 के लिये टीकाकरण नहीं करवाया है।

यदि अदालती कार्रवाई से नहीं रोका जाए तो आदेश के बाद जितना जल्दी संभव हो सके व्यक्ति को निर्वासित होना पड़ता है। सरकार ने यह नहीं बताया है कि जोकोविच कब जाएंगे। आमतौर पर निर्वासन के आदेश का मतलब व्यक्ति तीन साल तक वापस आस्ट्रेलिया नहीं लौट सकता है। मुख्य न्यायाधीश जेम्स ऑलसॉप ने कहा कि यह फैसला इस पर निर्भर करता है कि क्या मंत्री का निर्णय ‘तर्कहीन या कानूनी रूप से अनुचित’ था। ऑलसॉप ने कहा, ‘फैसले के गुण या ज्ञान पर फैसला करना अदालत के कार्य के अंतर्गत नहीं आता है।”

न्यायाधीशों के पैनल ने रविवार को अपने फैसले का लिखित स्पष्टीकरण नहीं दिया। ऑलसॉप ने कहा कि आगामी दिनों में इसे जारी कर दिया जाएगा। ऑलसॉप ने कहा, ”यह सरकार के फैसले के खिलाफ अपील नहीं है। यह समीक्षा के लिये अदालत में दिया गया आवेदन था जिसमें मंत्री के फैसले की वैधता की समीक्षा करने को कहा गया था।” जोकोविच को सरकार के अदालती खर्चे का भुगतान करने के लिये भी कहा गया है।

मंत्री ने इस आधार पर वीजा रद्द कर दिया कि आस्ट्रेलिया में जोकोविच की उपस्थिति आस्ट्रेलियाई जनता के स्वास्थ्य और ‘अच्छे आदेश’ के लिये जोखिम भरा हो सकता है तथा इससे आस्ट्रेलिया में अन्य लोगों द्वारा टीकाकरण के प्रयासों पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। जोकोविच का वीजा पहले छह जनवरी को मेलबर्न पहुंचने पर रद्द कर दिया गया था। सीमा अधिकारी ने इस आधार पर जोकोविच का वीजा रद्द कर दिया था कि उन्हें टीकाकरण के बिना आने वाले आगंतुकों के लिये आस्ट्रेलिया के नियमों अनुसार चिकित्सा छूट नहीं मिली है।

एक अदालत ने जोकोविच का वीजा रद्द करने के सीमा अधिकारी के आदेश पर उन्हें राहत प्रदान की थी लेकिन मंत्री ने इसके बाद अपने अधिकारों का उपयोग किया। हॉक के शुक्रवार को लिये गये फैसले के तीन घंटे के अंदर जोकोविच के वकीलों ने ‘फेडरल सर्किट एवं फेमिली कोर्ट’ में अपील दायर की थी। शनिवार को यह मामला फेडरल कोर्ट में भेज दिया गया था।

तीनों जज ने रविवार को पांच घंटे तक मामले की सुनवाई की और दो घंटे बाद अपना फैसला सुनाया। सुनवाई समाप्त होने और फैसला आने से पहले आस्ट्रेलियाई ओपन के आयोजक टेनिस आस्ट्रेलिया ने सोमवार का कार्यक्रम जारी किया जिसके अनुसार जोकोविच को अपना पहला मैच रॉड लेवर एरिना में हमवतन सर्बियाई मियोमीर केसमानोविच के खिलाफ खेलना था। टेनिस आस्ट्रेलिया ने इस स्टार खिलाड़ी की कानूनी हार पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं की।

संबंधित समाचार