मुरादाबाद : जेल में फूटा कोरोना बम, 41 बंदियों समेत जिले में 262 कोरोना संक्रमित
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला जेल में रविवार को आरटीपीसीआर जांच में 41 बंदियों के कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। इन्हें मिलाकर जिले में रविवार को 262 नये मरीज मिले। इनमें संभल, बरेली, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा के भी रहने वाले हैं। नये संक्रमितों की सूची में जिला जेल में 41 बंदी संक्रमित मिले। इनकी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला जेल में रविवार को आरटीपीसीआर जांच में 41 बंदियों के कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। इन्हें मिलाकर जिले में रविवार को 262 नये मरीज मिले। इनमें संभल, बरेली, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा के भी रहने वाले हैं।
नये संक्रमितों की सूची में जिला जेल में 41 बंदी संक्रमित मिले। इनकी जांच दो दिन पहले रैपिड रिस्पांस टीमों ने की थी। आरटीपीसीआर रिपोर्ट में पॉजिटिव मिलने की जानकारी पर जेल में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन तुरंत हरकत में आया। संक्रमित बंदियों को दूसरे बंदियों से अलग रखने का इंतजाम किया गया। बैरक को सैनिटाइज कराया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि संक्रमित बंदियों को आइसोलेट कर दिया गया है। बैरक को तीन बार सैनिटाइज कराया जा रहा है। संक्रमित बंदियों को स्वास्थ्य विभाग से मिली मेडिसिन किट देकर परामर्श के अनुसार उन्हें दवा खाने की सलाह दी गई है।
पुलिस अकादमी और कोतवाली में पांच-पांच, पीएसी में दो जवान संक्रमित हैं। इसके अलावा शहर के लाइनपार, कटघर, रामगंगा विहार, एमडीए की अवंतिका कॉलोनी, शिवपुरी, मकबरा, मझोला, गलशहीद, नया गांव, फकीरगंज, कांठ सीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी, नई बस्ती, वार्ड नंबर पांच, तीन के भी मरीज मिले हैं। जिला सर्विलांस टीमों ने मरीजों से संपर्क कर उनको होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि नये संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की सोमवार को एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच के लिए टीमें पहुंचेंगी।
सक्रिय मरीज 3337, स्वस्थ हुए 452
एक तरफ जहां हर दिन सैकड़ों नये संक्रमित आ रहे हैं, वहीं उनके ठीक होने का क्रम भी बढ़ रहा है। तीसरी लहर में संक्रमित हुए 452 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 3337 हो गई है।
