बरेली: कब्जे के खतरे से मुक्त होगा डेलापीर तालाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। आसपास पॉश इलाके विकसित होने के साथ बेशकीमती हो चुके डेलापीर तालाब की जमीन पर लंबे समय से भू-माफिया की नजर रही है। यहां आए अवैध कब्जे की घटनाएं यह बताती हैं कि इस तालाब पर हर वक्त अवैध कब्जों का खतरा मंडराता रहा है। अभी कुछ दिन पहले भी भूमाफिया ने दो-ढाई …

बरेली,अमृत विचार। आसपास पॉश इलाके विकसित होने के साथ बेशकीमती हो चुके डेलापीर तालाब की जमीन पर लंबे समय से भू-माफिया की नजर रही है। यहां आए अवैध कब्जे की घटनाएं यह बताती हैं कि इस तालाब पर हर वक्त अवैध कब्जों का खतरा मंडराता रहा है।

अभी कुछ दिन पहले भी भूमाफिया ने दो-ढाई सौ ट्रॉलियों से हजारों टन मिट्टी भरकर इस तालाब को पाटने की कोशिश की थी लेकिन नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के बाद भूमाफिया के हौसले पस्त कर दिए। ऐसे खतरों से हमेशा के लिए छुटकारा दिलाने के लिए डेलापीर तालाब को पक्का करने की कोशिश की जा रही है।

इसके लिए निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से कराया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन डेलापीर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 15वें वित्त आयोग से करीब दो करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। कुछ दिन पहले ही तालाब की सिल्ट सफाई का काम पूरा हुआ है। अभी पिछले महीने भूमाफिया ने तालाब की जमीन पर रातोरात कब्जा करने की कोशिश की थी।

इसके लिए उन्होंने करीब दो-ढाई सौ ट्राली से अधिक मिट्टी डालकर तालाब का पटान करने का प्रयास किया था। हालांकि इसकी जानकारी लगते ही नगर निगम व प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध पटान को रुकवाते हुए अवैध तरीके से डाली गई मिट्टी को तत्काल हटवा दिया। अब तालाब के अंदर कीचड़ और सिल्ट हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।

तालाब को भूमाफिया की काली नजर से हमेशा के लिए छुटकारा दिलाने के लिए नगर निगम ने उसे पक्का करने का काम प्रारंभ कर दिया है। इन दिनों बड़ी संख्या में श्रमिकों को लगाकर यह काम पूरा कराया जा रहा है। इससे तालाब का पानी स्वच्छ रहने के साथ अवैध कब्जे की संभावनाएं भी खत्म हो जाएंगी। एक्सईएन संजीव प्रधान का कहना है कि ये काम समयबद्ध पूरा कराने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढे़-

बरेली : 18 हजार लीटर कच्ची शराब पकड़ी, 714 तस्कर गिरफ्तार

संबंधित समाचार