बरेली: महिला वोटरों से जनसंपर्क कर वोट मांगना नेताओं के लिए चुनौती
बरेली,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं कर रही है। इससे चुनाव लड़ने को तैयारी कर रहे दावेदार परेशान हो रहे हैं। भाजपा ने चुनावी रण के लिए अपने सिपाही तैयार कर दिए हैं और वह विरोधी पार्टी से मुकाबला करने की तैयारी भी कर रहे हैं लेकिन समाजवादी पार्टी में दावेदार …
बरेली,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं कर रही है। इससे चुनाव लड़ने को तैयारी कर रहे दावेदार परेशान हो रहे हैं। भाजपा ने चुनावी रण के लिए अपने सिपाही तैयार कर दिए हैं और वह विरोधी पार्टी से मुकाबला करने की तैयारी भी कर रहे हैं लेकिन समाजवादी पार्टी में दावेदार इसलिए भी चितिंत हैं कि ऐन वक्त पर प्रत्याशी घोषित होने पर वे तैयारी कैसे कर पाएंगे।
चिंता का एक कारण यह भी है कि देहात में महिलाओं से संपर्क करने में दावेदारों को परेशानी हो सकती है। क्योंकि गांव में महिला वोटरों के पास मोबाइल नहीं है, जिनके पास मोबाइल हैं भी तो उसे देखने के लिए उनके पास समय नहीं है। जिले की नौ विधानसभाओं में 13 लाख 58 हजार 786 महिला वोटर हैं। इनमें शहर की 2 लाख 6 हजार 777 महिलाएं भी शामिल हैं।
वैसे तो कई दावेदारों का विश्वास अब डगमगा गया है। उन्होंने बुझे और नाराज मन से मान लिया है कि पार्टी उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाएगी, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो प्रत्याशी बनने की लाइन में दमदार तरीके से डटे हैं। ऐसे नेताओं से बात की तो पता चला कि वे इस बात से परेशान हैं कि कोराना गाइडलाइन का पालन करते हुए गांवों की महिलाओं से संपर्क करना मुश्किल हो सकता है क्योंकि इसका कारण यह सामने आया है कि गांवों में महिलाओं के पास मोबाइल नहीं रहता है। जिनके पास रहता भी है तो घरेलू कार्यों से फुर्सत कम पाती हैं। इससे वे मोबाइल कम देख पाती हैं।
गांवों में अधिकतर पुरुषों के पास भी एंड्राइड मोबाइल नहीं है। अधिकतर मोबाइल बटन वाले रखते हैं। उसमें केवल मैसेज ही जा पाते हैं। ऐसे में यदि प्रत्याशी बदलता है तो ग्रामीण वोटरों से वोट पाना मुश्किल हो सकता है। इनसे इतर भाजपा बूथ स्तर तक जनसंपर्क की तैयारी कर चुकी है। सपा अभी प्रत्याशी का ही चयन नहीं कर पाई है।
विधानसभा वार महिला वोटरों के आंकड़े
विधानसभा महिला
बहेड़ी 169170
मीरगंज 155282
भोजीपुरा 172929
नवाबगंज 155865
फरीदपुर 148857
बिथरी चैनपुर 177836
बरेली शहर 206777
कैंट 172070
आंवला 144407
