अयोध्या: ठंड का कहर जारी, वृद्ध की मौत, 5 डिग्री पर पहुंचा पारा..
अयोध्या। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाके में साफ दिख रहा है। जिले में भी सर्दी अपने चरम पर है। मंगलवार को भी गलन बहुत रही। सुबह से छाया कोहरा 11 बजे के आस पास छटा। उसके बाद सर्द हवाओं के बीच सूर्य देव आँख मिचौली का खेल खेलते रहे। खबर है …
अयोध्या। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाके में साफ दिख रहा है। जिले में भी सर्दी अपने चरम पर है। मंगलवार को भी गलन बहुत रही। सुबह से छाया कोहरा 11 बजे के आस पास छटा।
उसके बाद सर्द हवाओं के बीच सूर्य देव आँख मिचौली का खेल खेलते रहे। खबर है कि खुले आसमान के नीचे राज सदन के पास जीवन यापन करने वाले एक वृद्ध की मौत हो गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि वृद्ध की मौत ठंड के कारण हुई है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल ठंड से नहीं मिलेगी निजात: मौसम विभाग
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग मानना है फिलहाल अभी ठंड से निजात मिलने की कोई गुंजाइश अभी नहीं है। बफीर्ली हवाओं ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। राहगीरों ने अलाव का सहारा लिया।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। हवा 3.4 प्रति किलोमीटर घंटा की रफ्तार से दक्षिणी पश्चिमी दिशा में चल रही है। आगामी चौबीस घंटे में कोहरा छाए रहने और हवा के सामान्य गति से चलने के आसार हैं।
रूम हीटर व गीजर का बाजार गर्म
चार-पांच दिनों से बढ़ी गलन व ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जहां एक तरफ ठंड का व्यापार पर व्यापक असर पड़ा है तो वहीं दूसरी तरफ रूम हीटर व गीजर का बाजार गर्म हो गया है। रीडगंज के इलेक्ट्रानिक दुकान के मालिक रंजीत का कहना है कि इस समय ठंड से बचाव के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की मांग में इजाफा हुआ है। बाजार में कई रेंज के रूम हीटर उपलब्ध हैं।
नगर निगम का दावा
नगर निगम का दावा 200 लोगों की क्षमता वाले 9 रैन बसेरे नगर निगम क्षेत्र में संचालित हैं। 500 जगहों से ज्यादा स्थलों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। अयोध्या धाम में संचालित रैन बसेरे में रात्रि निवास करने के लिए आधार कार्ड आवश्यक है।
ये भी पढ़ें: रायबरेलीः मारपीट में घायल युवक की मौत, परिजनों ने एसपी कार्यालय के बाहर किया हंगामा
