लखनऊ: कालाजार व टीबी उन्मूलन कार्यक्रम त्वरित गति से चलाया जाये: मुख्य सचिव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए एक खाका बनाने की जरूरत है। इसमें अगर जरूरत पड़े तो विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ विभागीय जानकारों को भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए एक खाका बनाने की जरूरत है। इसमें अगर जरूरत पड़े तो विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ विभागीय जानकारों को भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में बच्चों के जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा प्रमाण पत्र, इनको आधार लिंक करने, कालाजार, टीबी उन्मूलन और अंधता निवारण जैसे कार्यक्रमों को त्वरित गति चलाने की जरूरत है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, चिकित्सा शिक्षा और बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की गुरुवार को समीक्षा कर रहे मुख्य सचिव ने कहा कि बच्चों के जन्म-मृत्यु पंजीकरण एवं आधार लिंक से जन्म प्रमाण पत्र व्यवस्था को आईटी की मदद से आसान बनाना है।
विभागों को कार्य संस्कृति में लाना चाहिए सुधार: मुख्य सचिव
उन्होंने कहा कि विभागों को कार्य संस्कृति में सुधार लाकर और कम खर्च में सुशासन देने की तरफ बढ़ना है। जिससे हम अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर खरा उतर सकें। उन्होंने कहा कि हम आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव मना रहे हैं और हमारा लक्ष्य 100 वें आजादी के अमृत महोत्सव पर है। हमें योजनाओं को भी 100वें वर्ष को लक्ष्य करके तय करना है और उसी के अनुसार कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना है।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में मुख्य सचिव ने कहा कि पोषण वाटिकाएं बनाने के लिए आम जनमानस में जागरूकता लायी जाये तथा कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा विकसित किए गए किचेन गार्डेन के माडल को आम जनता तक पहुंचाया जाये। बैठक में सभी सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें: लखनऊ: अखिलेश पहली बार लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, किया ये बड़ा वादा…
