मुरादाबाद में प्रियंका की प्रतिज्ञा पूरी, दो सीट पर दिया महिलाओं को टिकट
विनोद श्रीवास्तव/अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की कांग्रेस की प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं से किया वादा अपने ससुराल मुरादाबाद में निभा कर दिखा दिया। दो दिसंबर को जनसभा में आधी आबादी को दिये भरोसे पर प्रियंका खरी उतरीं। छह में दो सीट पर आधी आबादी को अवसर देकर साबित किया कि जो …
विनोद श्रीवास्तव/अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की कांग्रेस की प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं से किया वादा अपने ससुराल मुरादाबाद में निभा कर दिखा दिया। दो दिसंबर को जनसभा में आधी आबादी को दिये भरोसे पर प्रियंका खरी उतरीं। छह में दो सीट पर आधी आबादी को अवसर देकर साबित किया कि जो कहा वो किया।
लड़की हूं, लड़ सकती हूं के नारे से आधी आबादी को लुभा रहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनाव के लिए कई प्रतिज्ञा की हैं। इसमें से एक प्रतिज्ञा विधान सभा चुनाव में आधी आबादी को 40 फीसदी टिकट की भागीदारी देना शामिल था, लेकिन पुरुषों के बीच में महिला दावेदार की कम संख्या से इस प्रतिज्ञा के पूरा होने में संशय दिख रहा था लेकिन पार्टी की ओर से 20 जनवरी को 41 प्रत्याशियों की घोषित दूरी सूची में जिले की दो विस सीट से आधी आबादी को अवसर देकर पार्टी ने प्रियंका गांधी की ससुराल मुरादाबाद में भी इस प्रतिज्ञा को निभाकर दिखा दिया।
मुरादाबाद जिले के बिलारी विधानसभा से कल्पना सिंह को और ठाकुरद्वारा से सलमा आगा अंसारी को अवसर देकर आधी आबादी पर प्रियंका और कांग्रेस पार्टी ने पूरी तरह भरोसा जताया है। 41 में से 16 पर महिला प्रत्याशी : दूसरी सूची में पार्टी ने 41 प्रत्याशियों की घोषणा की। इसमें से 16 पर महिलाओं को अवसर देकर साबित कर दिया कि जो कहते हैं वह कर दिखाते हैं। पार्टी के बड़े नेताओं का कहना है कि पार्टी ने वादा नहीं प्रतिज्ञा की है, यह खरा और सच्चा है।
12वीं तक पढ़ीं हैं कल्पना, शिक्षा, सड़क, बिजली पानी होंगे मुद्दे : बिलारी से कांग्रेस की प्रत्याशी घोषित की गईं कल्पना सिंह अक्टूबर में जिले की विधानसभा सीटों से टिकट की दावेदारी करने वाली 36 में से एकमात्र महिला थीं। बाकी 35 पुरुष थे। बाद में और भी महिलाओं ने अन्य सीटों पर दावेदारी पेश की। कल्पना सिंह मायके और ससुराल में राजनीतिक पृष्ठभूमि से हैं। उनके ससुर स्व. चंद्रपाल सिंह संभल जिले के बनियाखेड़ा ब्लॉक के कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। जबकि मायके में उनके चाचा भी राजनीति व समाजसेवा से जुड़े रहे। बात करें कल्पना सिंह की तो वह वर्तमान में खुद संभल जिले की महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष हैं। वह पूर्व में ब्लॉक अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। बिलारी विधानसभा के सरथल में कल्पना का मायका है।

इन महिलाओं को मिला अवसर
कांग्रेस की दूसरी सूची में मुरादाबाद के बिलारी व ठाकुरद्वारा से कल्पना व सलमा आगा अंसारी के अलावा सहारनपुर नगर से सुखविंदर कौर, छरथवाल से डॉ. यास्मीन राणा, चंदौसी सुरक्षित से मिथिलेश, साहिबाबाद से संगीता त्यागी, मोदी नगर से नीरज कुमारी प्रजापति को मौका मिला है। इसके साथ ही हापुड़ सुरक्षित से भावना वाल्मीकि, सयाना से पूनम पंडित, मांट से सुमन चौधरी, डबाई से सुनीता शर्मा, खैर सुरक्षित से मोनिका सूर्यवंशी, इगलास सुरक्षित से प्रीति, छाता पूनम देवी, नवाबगंज से ऊषा गंगवार और अकबरपुर से प्रियंका जायसवाल को कांग्रेस से चुनावी समर में उतारा है।
