मुरादाबाद: सवा दो करोड़ की गांजा तस्करी के आरोपी को उठाकर ले गई एमपी पुलिस
मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को मध्य प्रदेश पुलिस सवा दो करोड़ रुपये के गांजा तस्करी के मामले में वांछित चल रहे करूला निवासी युवक को अपने साथ ले गई। आरोपी कंडम ट्रक के फर्जी कागजात तैयार करके गांजा की तस्करी करा रहा था। मध्य प्रदेश पुलिस आरोपी की तलाश में दो दिन से मुरादाबाद में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को मध्य प्रदेश पुलिस सवा दो करोड़ रुपये के गांजा तस्करी के मामले में वांछित चल रहे करूला निवासी युवक को अपने साथ ले गई। आरोपी कंडम ट्रक के फर्जी कागजात तैयार करके गांजा की तस्करी करा रहा था। मध्य प्रदेश पुलिस आरोपी की तलाश में दो दिन से मुरादाबाद में डेरा डाले हुए थी।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगांवा थाने से एसआई संतोष सिंह दो कांस्टेबल संग आरोपी की तलाश में दो दिन पहले मुरादाबाद आए थे। एसआई संतोष सिंह ने बताया कि एक सितंबर को कोलगांवा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दस टायरा ट्रक में मुरमुरे के बोरों के बीच छिपाकर रख गए गांजा के बोरे बरामद किए गए थे। ट्रक से 11 कुंतल 70 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।
पुलिस ने रीवा जनपद के सेमरिया थाना क्षेत्र निवासी सुरेश यादव, राजू उर्फ सोनाथ सिंह यादव और अरुण कुशवाहा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि बीड़ा सेमरिया निवासी बबलू और मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के करुला गली नंबर एक निवासी बब्बू उर्फ बाबू फरार हो गए थे।
पुलिस की जांच में पता चला कि ट्रक चंड़ीगढ़ के किसी व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड था। पुलिस चंडीगढ़ पहुंच कर उसके वास्तविक मालिक से मिली तो बताया कि उसने ट्रक को आरटीओ ऑफिस से कंडम घोषित कराने के बाद एक कबाड़ी को बेच दिया था। पुलिस ने कड़ी से कड़ी मिलाई तो पता चला कि उस ट्रक को करूला निवासी बाबू उर्फ बब्बू ने खरीदा था। पुलिस के अनुसार बाबू ने कंडम ट्रक के फर्जी कागज बना लिए और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे मादक पदार्थों की तस्करी में लगा दिया था। इसके बाद ही पुलिस मुरादाबाद पहुंची। बाबू से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि वह शहर से बाहर है। पुलिस ने बहाने से उसे बुलाया और ट्रक मालिक से तस्दीक कराने के बाद शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस उसे लेकर सतना रवाना हो गई
गआरोपी ने पुलिस के सामने खूब की ड्रामेबाजी
मध्य प्रदेश पुलिस के हत्थे चढ़ने पर आरोपी ने जमकर ड्रामेबाजी की। कभी सीने में दर्द का बहाना बनाया तो कभी मीडिया की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि बाबू ने धमकी दी कि वह मीडिया को इक्ट्ठा करके हंगामा करा देगा। जब पुलिस पर उसकी इस धमकी का कोई असर नहीं हुआ तो उसने हार्ट अटैक का बहाना भी बनाया मगर इसका भी उसे कोई फायदा नहीं मिल सका। मेडिकल में पुष्टि हो गई कि उसे कोई बीमारी नहीं है।
मीडिया में भी काम कर चुका है आरोपी
मादक पदार्थों की तस्करी और धोखाधड़ी के आरोप में सतना पुलिस द्वारा दबोचा गया बाबू इलेक्ट्रोनिक मीडिया में भी काम कर चुका है। इसलिए उसे पुलिस की कार्रवाई की अच्छी तरह से जानकारी थी। गिरफ्तारी के दौरान भी उसने मध्य प्रदेश पुलिस को मीडिया की धमकी भी दी, लेकिन उसकी दाल नहीं गल सकी।
