मुरादाबाद: एक दिन में रिकॉर्ड 50 हजार से अधिक को लगा टीका
मुरादाबाद। कोरोना टीकाकरण अभियान में पहली बार जिले में एक दिन में रिकॉर्ड 53997 को कोविडरोधी टीका लगाया गया। डीएम के सख्त निर्देश के बाद शुक्रवार को एक दिन में 50 हजार के लक्ष्य को विभाग ने पूरा कर दिखाया। 16 जनवरी 2021 से जिले में टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। तीसरी लहर में …
मुरादाबाद। कोरोना टीकाकरण अभियान में पहली बार जिले में एक दिन में रिकॉर्ड 53997 को कोविडरोधी टीका लगाया गया। डीएम के सख्त निर्देश के बाद शुक्रवार को एक दिन में 50 हजार के लक्ष्य को विभाग ने पूरा कर दिखाया। 16 जनवरी 2021 से जिले में टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। तीसरी लहर में कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग के फरमान पर अमल करने के लिए डीएम ने जल्द पहली डोज का टीका शत प्रतिशत लगाने के लिए एक दिन में 50 हजार का लक्ष्य तय किया।
अगले दिन शुक्रवार को स्वास्थ्यकर्मियों ने यह लक्ष्य हासिल किया। एक दिन में 53997 को कोविशील्ड और कोवैक्सीन की डोज लगाई गई। इसमें 15-17 वर्ष के 5337 किशोरों को सुरक्षित रखने के लिए कोवैक्सीन की पहली डोज का टीका लगाया गया। इसके बाद किशोरों के टीकाकरण की उपलब्धि 49 फीसदी तक पहुंच गई। वहीं, 536 को बूस्टर डोज का टीकाकरण किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर व 60 वर्ष के ऊपर आयु वर्ग वाले शामिल हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को सबके प्रयास और आमजन के सहयोग से 53997 लोगों को कोविडरोधी टीके लगाए गए। यह क्रम जारी रहे इसके लिए आमजन से अपील है कि वह टीका लगवाएं। जिससे जिले में 100 फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
