मुरादाबाद : एसटीएफ ने दबोचा टीईटी परीक्षा में साल्वर गिरोह का सदस्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पर एक बार फिर साल्वर गिरोह नजर रखे हुए था। लेकिन, एसटीएफ को किसी तरह इसकी भनक लग गई। इस पर एसटीएफ ने साल्वर गिरोह के एक सदस्य को दबोच लिया। इसकी भनक मिलते ही साल्वर गैंग के अन्य सदस्य रेलवे स्टेशन से ही गायब हो गए। पकड़े …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पर एक बार फिर साल्वर गिरोह नजर रखे हुए था। लेकिन, एसटीएफ को किसी तरह इसकी भनक लग गई। इस पर एसटीएफ ने साल्वर गिरोह के एक सदस्य को दबोच लिया। इसकी भनक मिलते ही साल्वर गैंग के अन्य सदस्य रेलवे स्टेशन से ही गायब हो गए। पकड़े गए आरोपी से एसटीएफ के अधिकारी ने लंबी पूछताछ की। पुलिस इस गैंग में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

रविवार को महानगर में यूपी टीईटी की पहली पाली में 39 और दूसरी में 29 केंद्र बनाए गए थे। एसटीएफ को इस परीक्षा में साल्वरों के शामिल होने की जानकारी मिली। इस पर एसटीएफ ने शनिवार को ही महानगर में डेरा डाल दिया था। एसटीएफ के निरीक्षक अजयपाल के नेतृत्व में एसटीएफ बरेली यूनिट ने टीईटी में साल्वरों को बुलाने वाले सोनूपाल निवासी भगतपुर को रविवार तड़के रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। जानकारी मिलते ही एसएसपी देहात विद्यासागर मिश्र, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, एएसपी सिविल लाइंस सागर जैन ने भी सिविल लाइंस थाने पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की।

पूछताछ में सोनूपाल ने बताया कि वह साल्वर गैंग का संचालन अपने साथी जयपाल सिंह निवासी गांव जाहिदपुर थाना भोजपुर के साथ मिलकर करता है। जयपाल रायबरेली में स्टेनो है। इसके अलावा इस गिरोह में शामिल उत्तराखंड के काशीपुर की बिंदवासिनी कालोनी निवासी विपिन संतकबीर नगर में स्टेनो है। तीनों मिलकर काफी समय से यह गिरोह चला रहे हैं। विभिन्न परीक्षाओं में साल्वर बैठाकर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलते हैं। आज भी बिहार से सॉल्वर बुलाए गए थे। इन्हें रघुनंदन, सचिन कुमार और परवीन के स्थान पर बैठाना था।

मोबाइल में गड़बड़ी के कारण साल्वरों से संपर्क नहीं हो सका। इस वजह से वह लोग परीक्षा केंद्र पर मूल मार्कशीट न होने के कारण परीक्षा में नहीं बैठ सके। उसने कबूल किया कि पटना में बैठे कासिम से फार्म भरते समय ही फोटो एडिट करा ली गई थी। एक अभ्यर्थी से प्रारंभिक परीक्षा पास करने के लिए दो और सुपरटेट पास कराने के पांच लाख रुपये लिए जाते थे। इनमें से साल्वर को तीन लाख रुपये दिए जाते थे। सिविल लाइंस के प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि साल्वर गिरोह के एक आरोपी को पकड़ा गया है। पुलिस के साथ ही एसटीएफ के अधिकारी पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।

आठ अगस्त को भी सोनू ने बुलाया था सॉल्वर गैंग
एसटीएफ के निरीक्षक अजयपाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए सोनू पाल ने आठ अगस्त 2021 को हुई टीजीटी परीक्षा में भी साल्वर गैंग बुलाया था। इस मामले में उसे 11 अगस्त 2021 को भी सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

एसटीएफ और सिविल लाइंस पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साल्वर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। तीन परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थी गैरहाजिर मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। -अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी

संबंधित समाचार