मुरादाबाद : बारिश ने बढ़ाई ठंड, पांच डिग्री तक गिरा पारा
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को दिन भर हुई बारिश महानगर वासियों पर आफत बनकर टूटी। कड़ाके की ठंड में हो रही बारिश ने सभी को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। लोगों ने बारिश में भीगते हुए अपने जरूरी काम निपटाए। रविवार को करीब 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बीच चलने वाली …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को दिन भर हुई बारिश महानगर वासियों पर आफत बनकर टूटी। कड़ाके की ठंड में हो रही बारिश ने सभी को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। लोगों ने बारिश में भीगते हुए अपने जरूरी काम निपटाए। रविवार को करीब 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बीच चलने वाली सर्द हवाओं के कारण पारा लुढ़ककर पांच डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी एक दो दिन और बारिश के साथ ही ठंड बढ़ने के संकेत देते हुए सतर्क रहने की बात कही है।
अमूमन हर वर्ष मकर संक्रांति के बाद ठंड का असर कम होने लगता है। दिन को निकलने वाली धूप के कारण मौसम काफी सुहाना हो जाता है। लेकिन, इस बार हालात बिल्कुल उलट हैं। जनवरी की शुरुआत में जहां रोजाना निकलने वाली धूप के कारण मौसम खुशगवार रहा तो वहीं दूसरे सप्ताह ही मौसम ने करवट बदल ली। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में हुई बारिश ने ठंड और गलन को बढ़ा दिया है। अगर पिछले 15 दिनों की बात करें तो केवल एक दिन ही धूप के दर्शन हुए थे। वरना रोजाना कोहरे और बारिश के कारण लोगों का घरों से निकलना दुश्वार हो गया है।
सोमवार को भी बारिश बन सकती है आफत
मौसम विभाग लखनऊ की ओर से जारी चेतावनी के तहत 30 जनवरी तक बारिश और ठंड के आसार जताए गए हैं। जिसमें कई जिलों में शीतलहर की भी संभावना है। जिसमें मुरादाबाद का नाम भी शामिल है। मौसम विभाग की जारी चेतावनी का असर रविवार को महानगर में देखने को मिला। रविवार को भोर के पहर से ही तेज कड़क के साथ बिजली गरजने लगी। सुबह करीब छह बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। करीब साढ़े चार घंटे बाद बारिश थमी तो कुछ धूप के आसार जगे। लेकिन एक घंटे बाद मौसम ने करवट बदली और फिर तेज बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक रह-रहकर होने वाली बारिश और छाए बादलों के बीच हवाएं सर्द हो गईं। जिस कारण दिन भर सड़कों पर लोग ठिठुरते हुए नजर आए। रविवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं करीब 15 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। 30 जनवरी तक पड़ने वाली ठंड के मद्देनजर सभी को सर्दी से बचाव करने की गाइड लाइन भी जारी कर दी है।
अभी बारिश के आसार खत्म नहीं हुए हैं। 30 जनवरी तक यही हालात रहेंगे। मुरादाबाद में सर्दी का प्रकोप जारी रहेगा। लिहाजा घर से निकलते वक्त खुद का ख्याल रखने की जरूरत है।-डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक
