बरेली: भाजपा छोड़ अलका सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ
बरेली, अमृत विचार। भाजपा और प्रसपा के नेताओं ने रविवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। जिला कांग्रेस कार्यालय पर उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद भाजपा से टिकट मांगने वाली अलका सिंह अब बिथरी चैनपुर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। शहामतगंज स्थित जिला …
बरेली, अमृत विचार। भाजपा और प्रसपा के नेताओं ने रविवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। जिला कांग्रेस कार्यालय पर उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद भाजपा से टिकट मांगने वाली अलका सिंह अब बिथरी चैनपुर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। शहामतगंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर रविवार को भाजपा महिला मोर्चा बृज क्षेत्र की महामंत्री अलका सिंह और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष डॉ मोहम्मद खालिद ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली।
जिलाध्यक्ष अशफाक सकलैनी ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की नीतियों और मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में महिलाएं कांग्रेस पार्टी से जुड़ रही हैं। जनपद प्रभारी जितेंद्र कश्यप ने कहा कि पिछले 2 सालों से संगठन सर्जन अभियान के तहत पूरे जिले में संगठन एक मजबूत किले की तरह खड़ा हो चुका है। कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ यह चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद अलका सिंह ने कहा कि मैं प्रियंका गांधी से बहुत ही प्रभावित हुई हूं।
वह पिछले कई सालों से अन्याय और अत्याचार के खिलाफ पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रही हैं। पूर्व डिप्टी मेयर डॉ मोहम्मद खालिद ने कहा कि भाजपा के खिलाफ अगर कोई दल मजबूती के साथ खड़ा है तो वह कांग्रेस पार्टी है। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता के बी त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ,जिला महासचिव जिया उर रहमान, संगीता कौशल , प्रभात गिरी गोस्वामी, डा. जकीर खान, नीतू गौरव आदि लोग मौजूद रहे।
