बरेली: एक करोड़ के जेवरात हड़पे, पांच सर्राफों पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक महिला सर्राफा ने एक करोड़ के जेवरात की गांठे पांच सर्राफों के पास गिरवी रखकर लाखों रुपयों का उधार लिया था। उधार चुकता करने के बाद जब महिला ने गांठें वापस मांगी तो सर्राफा व्यापारियों ने नकली जेवरात बताकर रकम व जेवर देने से मना कर दिया। पुलिस से शिकायत करने …

बरेली, अमृत विचार। एक महिला सर्राफा ने एक करोड़ के जेवरात की गांठे पांच सर्राफों के पास गिरवी रखकर लाखों रुपयों का उधार लिया था। उधार चुकता करने के बाद जब महिला ने गांठें वापस मांगी तो सर्राफा व्यापारियों ने नकली जेवरात बताकर रकम व जेवर देने से मना कर दिया। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने महिला सर्राफ के घर में घुसकर परिजनों को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया। कोर्ट के आदेश से पांच सर्राफ व छह अज्ञात लोगों के खिलाफ इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

सूर्या एंकलेव निवासी ललिता चंद्र व उनके पति ब्रजेश चंद्र की मॉडल टाउन में लक्ष्मी ज्वैलर्स नाम से दुकान है। ललिता ने बताया कि साल 2019 से वह डोहरा रोड स्थित अशन्या ज्वैलर्स के मालिक डॉ. अवनीश कुमार द्विवेदी, आलमगिरी गंज स्थित पीडी ज्वैलर्स के मालिक सागर अग्रवाल, रामपुर स्थित हिमकुंड ज्वैलर्स के मालिक तरनदीप सिंह ग्रोवर व किरन वाला के साथ उनकी सहमति से व्यापार करती आ रही थीं। सभी की सहमति से उन्होंने एक करोड़ रुपये की कीमत के जेवरात की अलग-अलग गांठें सर्राफा कारोबारियों के पास रखकर 64 लाख रुपये उधार लिए थे। बताया कि गांठों में रखे जेवरात की शुद्धता की जांच एक नामी ज्वैलर्स से करायी गई थी। इसके बाद उन्होंने 31 लाख रुपये चुका भी दिए थे।

वहीं बकाया 32 लाख के भुगतान के लिए सर्राफों ने नौ ब्लैंक चेक लिए थे। बताया कि इसी दौरान उन्होंने सर्राफ सागर अग्रवाल से 35 लाख के जेवरात उधार लिए थे, जिनका 25 लाख का भुगतान कर दिया था। महिला सर्राफ का कहना है कि गांठों का बकाया 32 लाख भी तीन माह में जमा कर दिया। आरोप है कि जब उन्होंने गिरवी रखी एक करोड़ की गांठ वापस मांगी तो सर्राफा व्यापारियों ने नकली जेवरात बताते हुए वापस करने से मना कर दिया। जब पुलिस से शिकायत की तो सर्राफा कारोबारी अज्ञात साथियों के साथ घर में घुसे और उनकी मां गुड्डी देवी व पिता हरीश चंद्र समेत सभी परिजनों को बंधक बनाया और जाति सूचक अपशब्द कहे।

सभी ने जान से मारने की धमकी दी। पति ब्रजेश चंद्र ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई मदद नहीं मिली। जिसके बाद उन्होंने न्यायालय में शिकायत की। न्यायालय के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने सर्राफ डॉ. अवनीश कुमार द्विवेदी, प्रियंका त्रिवेदी, शिल्पी अग्रवाल, तरनदीप सिंह ग्रोवर, किरन वाला व छह अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकाने समेत एससी/एसटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।

महिला सर्राफ व उसके पति के खिलाफ कोतवाली पुलिस दर्ज कर चुकी है ठगी की रिपोर्ट
22 नवंबर 2021 को आलमगिरी गंज के पीडी ज्वैलर्स के मालिक सागर अग्रवाल की पत्नी शिल्पी अग्रवाल ने महिला सर्राफ ललिता चंद्र व उनके पति ब्रजेश चंद्र, मां गुड्डो देवी, पिता हरीश चंद्र समेत आठ लोगों के खिलाफ करोड़ों की ठगी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। ललिता चंद्र, उनके पति व अन्य ससुराल वालों पर आरोप था कि उन्होंने व्यापार का झांसा देकर 32 लाख 15 हजार के जेवरात उधार लिए थे। तकादे के बाद न ही जेवरात वापस किए और न ही रकम का भुगतान किया था। वहीं 1 नवंबर 2021 को ललिता चंद्र द्वारा 14 लाख के तीन चेक दिए गए थे। वह भी बाउंस हो गए थे।

संबंधित समाचार