मुरादाबाद : संदिग्ध हालात में गोली लगने से युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
मुरादाबाद/अमृत विचार। कटघर कोतवाली क्षेत्र में गोली लगने से युवक घायल हो गया। जानकारी होने पर आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। मामले की जांच की जा रही है। मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बरवालान निवासी 24 वर्षीय राहुल पुत्र हरिशंकर हिंदू कालेज से …
मुरादाबाद/अमृत विचार। कटघर कोतवाली क्षेत्र में गोली लगने से युवक घायल हो गया। जानकारी होने पर आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। मामले की जांच की जा रही है।
मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बरवालान निवासी 24 वर्षीय राहुल पुत्र हरिशंकर हिंदू कालेज से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। जानकारी के अनुसार वह रात करीब आठ बजे वह खाना खाने गया था। कटघर थानाक्षेत्र में मुस्लिम डिग्री कालेज के पास दो युवकों ने उसे गोली मार दी। पैर में गोली लगने से राहुल घायल हो गया। उसका घर घटनास्थल से मात्र तीन सौ मीटर दूर है। मगर वह रात 12 बजे अपने घर पहुंचा। इसके बाद उसने एंबुलेंस को फोन किया और वह खुद ही जिला अस्पताल में भर्ती हो गया। इस दौरान घायल ने पुलिस को सूचना नहीं दी। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उसने मुगलपुरा पुलिस को घटना की सूचना दी। तब पता चला कि घटनास्थल कटघर थानाक्षेत्र में है।
सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। राहुल पुलिस के सवालों के सही जवाब नहीं दे रहा है। घटनास्थल के आसपास भी पता किया गया। लेकिन, किसी ने पुष्टि नहीं की। थाना प्रभारी आरपी शर्मा के अनुसार मोहल्ले में भी पता किया गया है। जानकारी मिली है कि राहुल आवारा किस्म का युवक है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
