बदायूं: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह पकड़ा, फिरोजाबाद में कटवाते थे गाड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं,अमृत विचार । कोतवाली बिसौली क्षेत्र में 28 दिसंबर की रात को हुए कैंटर चोरी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का सरगना गुजरात पुलिस की कस्टडी से भागा हुआ युवक निकला। विभिन्न राज्यों से वाहन चोरी करके फिरोजाबाद में कटवा देते …

बदायूं,अमृत विचार । कोतवाली बिसौली क्षेत्र में 28 दिसंबर की रात को हुए कैंटर चोरी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का सरगना गुजरात पुलिस की कस्टडी से भागा हुआ युवक निकला। विभिन्न राज्यों से वाहन चोरी करके फिरोजाबाद में कटवा देते थे।

चोरी के वाहन खरीदने वाले दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। सोमवार को एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए गिरफ्तारी करने वाली टीम को 15 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा की है। सभी आरोपियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई होगी। अपराध से अर्जित की संपत्ति की कुर्की होगी।

जिला संभल के चंदौसी से एक कैंटर 28 दिसंबर 2021 को इलेक्ट्रॉनिक व परचून का सामान लेकर कस्बा बिसौली आया था। जिसमें कई दुकानों का सामान लदा हुआ था। रात में चोरों ने कैंटर को सामान सहित चोरी कर लिया। जिसका मुकदमा कोतवाली बिसौली में पंजीकृत किया गया था। चोरी की वजह से व्यापारी वर्ग परेशान था।

जिसके चलते एसएसपी ने कोतवाली पुलिस के अलावा सर्विलांस टीम को चोरों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया था। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के जरिए सर्विलांस टीम को जानकारी मिली की चोर कैंटर लेकर फिरोजाबाद जा रहे हैं। घेराबंद करके पुलिस ने 23 जनवरी को गांव धर्मपुर बिहारीपुर तिराहे से एक महिला समेत गिरोह के चार सदस्याओं को गिरफ्तार कर लिया।

जिसमें गुजरात राज्य के जिला बड़ौदरा के थाना बापुर क्षेत्र के मोहल्ला अजुबा रोड जलाराम पार्क भूरी निवासी बदरुद्दीन उर्फ बड़े मियां पुत्र मयुद्दीन सरगना है। जिला फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ के गांव बरी का नगला, साठ फुटा रोड कश्मीरी गेट निवासी मौहम्मद फहीम उर्फ फईमुद्दीन पुत्र लियाकत अली, जिला मैनपुरी के थाना घिरौर के कस्बा नई बस्ती, थाने वाली गली निवासी बब्बू खान पुत्र बबलू खान, साउथ दिल्ली के मोहल्ला चंदन के मकान नंबर 30 निवासी शादमा पत्नी शाहिदा कुरैशी भी गिरफ्तार हुए हैं।

आरोपियों ने बताया कि वह संगठित गिरोह चलाते हैं। विभिन्न प्रदेशों से वाहन चोरी करते हैं। उनका गैंग प्रदेश के कई शहरों में फैला है। चोरी करने से पहले रेकी करते हैं और योजना बनाकर घटना को अंजाम देते हैं। दूसरा सरगना शाहिद कुरैशी ऑटोमेटिक वाहनों का लॉक डिवाइस और लेपटॉप के माध्यम से तोड़ने में माहिर है।

उनका गिरोह जिला एटा, मैनपुरी, गुजरात से गाड़ी चोरी करके जिला फिरोजाबाद के मोहल्ला नगला बरी निवासी शारिक कबाड़ी पुत्र आफाख खान को बेची थीं। उसके कहने पर ही ईको कार चोरी करके लाए थे। शारिक गाड़ियों को काटकर बेचता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से सामान, एक कैंटर, दो ईको कार और तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

फिरोजाबाद के जामिया टोला निवासी शाहिद पुत्र इकबाल खान और शारिक कबाड़ी की तलाश की जा रही है। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी शक्ति सिंह मौजूद रहे।

पुलिस कस्टडी से भागा है सरगना, दर्ज हैं 21 मुकदमे
पकड़ा गया बदरुद्दीन उर्फ बड़े मियां शातिर किस्म का है। जो गुजरात में पुलिस अभिरक्षा से भागा हुआ है। जिसपर 2011 से लेकर अब तब बिसौली, गुजरात, नई दिल्ली, अहमदाबाद में जाली करेंसी जैसे बड़े अपराध को मिलाकर 21 मुकदमे पंजीकृत हैं। फहीम पर 2020 व 2021, बब्बू खान पर 2021 और शादमा पर 2021 में मुकदमा पंजीकृत है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्वेंद्र सिंह, सराफत हुसैन, भूपेंद्र, कुशकांत, अतेंद्र, आजाद, रिजाबुल के साथ सर्विलांस टीम के हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, लाकेंद्र कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार, मनीष कुमार के साथ कोतवाली बिसौली के प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह, उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, शैलेंद्र कुमार, नाजिम अली, विष्णु कुमार, सुमित, प्रिया रहे।

वीटीएस और सर्विलांस की मदद से एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्होंने गुजरात, दिल्ली और बदायूं के आसपास से गाड़ियां चोरी की थीं। महिला वाहन को बेचने का काम करती थी। एक अभियुक्त गुजरात पुलिस की अभिरक्षा से भागा हुआ है। आरोपियों के अन्य सहयोगियों को भी जल्द पकड़ा जाएगा। सभी पर गैंगस्टर लगेगी। अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी

यह भी पढ़े-

बदायूं: ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत

संबंधित समाचार