मुरादाबाद के अभिनव प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित
अमृत विचार, मुरादाबाद। समाजसेवा की कोई उम्र नहीं होती। बस जज्बा और हौसला होना चाहिए। यह साबित किया है छजलैट के गांव दयानाथपुर के अभिनव चौधरी ने। समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभिनव को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर अभिनव के …
अमृत विचार, मुरादाबाद। समाजसेवा की कोई उम्र नहीं होती। बस जज्बा और हौसला होना चाहिए। यह साबित किया है छजलैट के गांव दयानाथपुर के अभिनव चौधरी ने। समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभिनव को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर अभिनव के परिजनों ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त कर खुशी जाहिर की।
राष्ट्रीय बालिका दिवस और ‘आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे बच्चों से वर्चुअली मुखातिब हुए। एनआईसी में आयोजित कार्यक्रम में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, डीपीओ प्रिया पटेल, बाल संरक्षण अधिकारी शिवांगी शर्मा व और अभिनव के माता-पिता उपस्थित रहे। साथ ही बेंगलुरू नवोदय विद्यालय से अभिनव भी शामिल रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बालक-बालिकाओं से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह पुरस्कार बड़ी जिम्मेदारियां भी लाता है। आपके मित्रों, परिवार और समाज की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं। आपको इन अपेक्षाओं से प्रेरित होना चाहिए और दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्होंने विभिन्न राज्यों के छह बच्चों से संवाद भी किया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2022 के लिए 29 बच्चों को चुना है। इसमें मुरादाबाद के अभिनव को समाजसेवा के लिए चुना गया है। पीएम मोदी ने ‘ब्लॉकचेन टेक्नॉलोजी’ का इस्तेमाल कर बच्चों डिजिटल सर्टिफिकेट्स दिए गए। साथ ही एक लाख रुपये का पुरस्कार भी दिया।
जरूरतमंदों को 10,000 पुस्तकें कराईं उपलब्ध
अभिनव बताते हैं कि बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कराने का लक्ष्य है। बताया कि दो वर्षों से इस मिशन पर काम कर रहा हूं। मैंने एक गैर-लाभकारी संगठन सोशल एंटरप्राइज क्रूज़ की स्थापना की है। इसी के तहत एक ईकॉमर्स प्लेटफार्म क्रूज बुक्स शुरू किया। जो लोगों को पुरानी किताबों को खरीदने और बेचने में सक्षम बनाता है। इसने 10,000 से अधिक छात्रों को किताबें प्रदान की और 30,000 से अधिक पुस्तकों की बिक्री की है। जिससे लगभग 1900 पेड़ों को बचाया गया है।
2019 में मिल चुका है गवर्नर अवार्ड
समाजसेवा के लिए 2019 में गवर्नर अवार्ड से नवाजा गया। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों के साथ प्रतिस्पर्धा करके सितंबर 2021 में राइज द्वारा राइज ग्लोबल टॉप 500 फाइनलिस्ट के रूप में सम्मानित किया गया।
बोले माता-पिता- हमारे लिए गर्व की बात
पिता जगवीर सिंह, मां सुनीता, बहन हिमांशी ने बताया कि अभिनव नवोदय विद्यालय बेंगलुरू में कक्षा 10 में पढ़ रहा है। बताया कि उनके लिए बड़े गर्व की बात है कि बेटे को यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि अभिनव की बचपन से ही समाजसेवा में रुचि थी। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा से आज भी कई बच्चे वंचित रह जाते हैं। ऐसे में अभिनव ने उनकी सहायता करने का बीड़ा उठाया है।
