बरेली: तौकीर रजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बीती 7 जनवरी को खानदाने आला हजरत से संबंध रखने वाले और आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने हरिद्वार में हुई धर्म संसद के दौरान कही गईं बातों का विरोध जताते हुए एक बड़ा आयोजन इसलामिया इंटर कालेज के मैदान में किया था। इस दौरान मंच से मौलाना ने …

बरेली, अमृत विचार। बीती 7 जनवरी को खानदाने आला हजरत से संबंध रखने वाले और आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने हरिद्वार में हुई धर्म संसद के दौरान कही गईं बातों का विरोध जताते हुए एक बड़ा आयोजन इसलामिया इंटर कालेज के मैदान में किया था। इस दौरान मंच से मौलाना ने जमकर बयानबाजी की थी। उनके कई बयानों पर काफी विवाद भी खड़ा हुआ।

मौलाना के कांग्रेस को समर्थन देने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं तक ने उनके बयानों को मुद्दा बनाया। अब एक बार फिर यह मसला उखड़ने लगा है। गुजरात के अहमदाबाद स्थित रखियाल थाने में मौलाना के खिलाफ तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है। अहमदाबाद के रखियाल थाने में केंद्रीय वक्फ परिषद के सदस्य रईस खान पठान ने तहरीर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें बरेली के मौलाना तौकीर रजा द्वारा मुस्लिम धर्म संसद के दौरान कई विवादित टिप्पणियां की गईं। इस संबोधन के दौरान मुस्लिम युवाओं को हिंदुओं के खिलाफ भड़काने की कोशिशें की गईं।

गृह युद्ध की धमकियां देते हुए खून बहाने की बात कही गई। उन्होनें कहा कि तौकीर रजा पूर्व में भी ऐसे नफरती भाषण देते रहे हैं। जिसकी वजह से दोनों धर्मों के बीच संघर्ष और भय का माहौल उत्पन्न होता है। मौलाना जैसे आदर्शों को मानने वाले मुस्लिम नौजवानों को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की जाए और उन्हे समझाया जाए कि अपने भाईयों के खिलाफ हथियार उठाना समझदारी नहीं। लिहाजा मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ इस बात की जांच की जाए कि कहीं अन्य विदेशी मुल्कों से तो आर्थिक मदद नहीं हो रही है। इस संबंध में आईएमसी प्रवक्ता मुनीर इदरीसी ने बताया कि उन्हे अभी इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया के माध्यम से ही पता चला है। तहरीर तो कोई भी किसी के खिलाफ दे सकता है।

संबंधित समाचार