सीतापुर: सर्राफा व्यापारी पर हमला कर बदमाशों ने लूटा पांच लाख का माल
सीतापुर। थानगांव इलाके में अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे सर्राफा व्यापारी पर लोहे की राड से हमला कर बदमाशों ने रात को रोक लिया और उसके पास नकदी, जेवर से भरा बैग लूट कर भाग निकले। बैग में नकदी सहित करीब पांच लाख से अधिक का माल भरा था। घटना से …
सीतापुर। थानगांव इलाके में अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे सर्राफा व्यापारी पर लोहे की राड से हमला कर बदमाशों ने रात को रोक लिया और उसके पास नकदी, जेवर से भरा बैग लूट कर भाग निकले। बैग में नकदी सहित करीब पांच लाख से अधिक का माल भरा था। घटना से पुलिस को अवगत करा दिया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
थानगांव थाना क्षेत्र के राजपुर क्योटाना निवासी सर्राफा व्यापारी कृष्ण कुमार मिश्र पुत्र अवध बिहारी राजपुर चौराहे पर स्थित अपनी सर्राफा, रेडीमेड कपड़ाें व बर्तन की दुकान बंद कर बुधवार की शाम मोटर साइकिल से अपने गांव राजपुर क्योटाना थाना थानगांव जा रहे थे। जब वह राजपुर चौराहे से करीब सौ मीटर आगे क्योटाना रोड पर पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार लुटेरों ने उन्हें ओवरटेक करते हुए उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनके पास से जेवरात व नकदी से भरा बैग लेकर भाग निकले।
इस बैग में करीब 50 हजार की नकदी, जेवर सहित पांच लाख से अधिक का माल भरा था। जिसे बदमाश लूट कर ले जाने में सफल रहे। घटना की जानकारी होने पर वहां ग्रामीण पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी को सीएचसी रेउसा पहुंचाया। उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर देखते हुए व्यापारी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना थानगांव थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है। मुकदमा दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है।
