पीलीभीत: 25 हजार के इनामी अपराधी ने पुलिस पर चलाई गोली, घेराबंदी कर पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीलीभीत, अमृत विचार। चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी अपराधी के शहर आने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बनकटी रोड पर दबिश दी। पुलिस को देख आरोपी ने हमला करते हुए तमंचे से फायर कर दिया। घेराबंदी कर पुलिस ने कुछ ही दूरी से उसे धर …
पीलीभीत, अमृत विचार। चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी अपराधी के शहर आने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बनकटी रोड पर दबिश दी। पुलिस को देख आरोपी ने हमला करते हुए तमंचे से फायर कर दिया। घेराबंदी कर पुलिस ने कुछ ही दूरी से उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पूर्व की घटनाओं से संबंधित जेवरात बरामद किए गए। जानलेवा हमला करने की एक नई रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
पिछले दिनों शहर में सिलसिलेवार तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। सर्विलांस और स्वाट टीम की मदद से पुलिस ने कई चोर गिरफ्तार कर जेल भेज दिए थे। मगर, बरेली जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के कस्बा शिवनगर निवासी दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश की धरपकड़ में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी थी। वह इन दिनों पुलिस से बचने के लिए उत्तराखंड के जिला उधमसिंह नगर के सितारगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ चूना भट्टी इलाके में रह रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
कोतवाल हरीश वर्धन सिंह को बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा दस बजे सूचना मिली कि इनामी दीपक गुप्ता बनकटी रोड पर गोदाम भवन के पास है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम पर दीपक गुप्ता ने तमंचे से फायर कर दिया। इसके बाद बाइक पर सवार होकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ ही दूरी से उसे धर दबोचा।
उसके कब्जे से पूर्व की चोरी की घटनाओं से संबंधित एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुए, एक जोड़ी कुंडल, 275 रुपये, तमंचा, कारतूस बरामद हुए। कोतवाल ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने को लेकर जानलेवा हमला करने की धाराओं में अलग से रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को चालान कर कोर्ट में पेश किया गया।उसके बाद जेल भेज दिया है। इसके अलावा एक अन्य मामले में फरार न्यूरिया थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी सहाना को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: बरखेड़ा-नवाबगंज रोड पर दिनदहाड़े बाइक सवार से लूट, विरोध करने पर मारी गोली
