बरेली: नौ विधानसभाओं में सबसे अमीर प्रत्याशी हैं सुप्रिया ऐरन

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नौ विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों में सबसे अमीर सपा प्रत्याशी सुप्रिया ऐरन हैं। नामांकन कराने के दौरान संपत्ति का जो ब्यौरा उन्होंने पेश किया है, उसके अनुसार सुप्रिया ऐरन और उनके पति पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन की चल-अचल संपत्ति अनुमानित 1 अरब 57 करोड़ 30 लाख 79 …

बरेली, अमृत विचार। नौ विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों में सबसे अमीर सपा प्रत्याशी सुप्रिया ऐरन हैं। नामांकन कराने के दौरान संपत्ति का जो ब्यौरा उन्होंने पेश किया है, उसके अनुसार सुप्रिया ऐरन और उनके पति पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन की चल-अचल संपत्ति अनुमानित 1 अरब 57 करोड़ 30 लाख 79 हजार 918 रुपए है। सुप्रिया ने 2012 में कांग्रेस से कैंट क्षेत्र से चुनाव लड़ा था।

उस समय उन्होंने ऐरन दंपति की संपत्ति 27 करोड़ 69 लाख 45 हजार 503 रुपए दर्शायी थी। पुरानी संपत्ति से तुलना करें तो अब ऐरन दंपति की संपत्ति में एक अरब 29 करोड़ 61 लाख 34 हजार रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है। इस दौरान उन्होंने कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी है। उनका दावा है कि प्राइम लोकेशन में भूमि होने और सोना और हीरे के रेट में इजाफा होने के कारण यह मूल्य बढ़े हैं। सुप्रिया के पास 2012 में भी दो किलो 400 ग्राम सोना था, वह आज भी उतना ही है।

सुप्रिया ऐरन के नाम कोई वाहन नहीं है, लेकिन प्रवीण सिंह ऐरन के पास 2012 में दर्शाए चुनाव आयोग में दो ट्रैक्टर समेत मसर्डीज, स्काप्रियो, फोर्ड इंडीवर, कमांडर जीप, फिएट, इंडिका और मारूति कारों का होना दर्शाया गया था। इस बार दो ट्रैक्टर और एक ऑडी क्यू 7, मसर्डीज, एसयूबी का होना दर्शाया गया है। ऐरन दंपत्ति ने पांच सालों में एक करोड़ 84 लाख 33 हजार 998 रुपए आयकर भी देना दर्शाया है। अभी तक भाजपा, बसपा व सपा के अन्य प्रत्याशियों द्वारा कराए गए नामांकन के दौरान जो ब्यौरा पेश किया गया, उसमें भोजीपुरा के बसपा प्रत्याशी योगेश के पास ही 47. 95 करोड़ की संपत्ति है। जबकि भाजपा के कैंट सीट के प्रत्याशी संजीव अग्रवाल की भी 23 करोड़ से अधिक संपत्ति है।

सपा से सुप्रिया ऐरन, अगम मौर्य व शहजिल इस्लाम ने कराया नामांकन
समाजवादी पार्टी के तीन प्रत्याशियों ने अपना-अपना नामांकन गुरुवार को कराया। कैंट प्रत्याशी सुप्रिया ऐरन पति पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन समेत कुछ समर्थकों के साथ नामांकन कराने पहुंचीं। इसके बाद भोजीपुरा से शहजिल इस्लाम अपने पिता पूर्व विधायक इस्लाम साबिर और अपनी पत्नी आयशा इस्लाम के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों संग नामांकन कराने पहुंचे। उन्हें नामांकन कराने में तीन घंटे लगे। वे पौने 3 बजे बाहर निकले।

बिथरी चैनपुर से प्रत्याशी अगम मौर्य साइकिल चलाकर नामांकन कराने पहुंचे। गेट से पहले समर्थकों ने उन्हें बधाई देकर गेट पर छोड़ा। नामांकन तिथि से एक दिन पूर्व समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन किए। कलेक्ट्रेट गेट के बाहर सपा समर्थकों का हुजुम एकत्र था, जो अपने प्रत्याशियों को नामांकन कराने पहुंचे थे लेकिन चुनाव आयोग की बंदिशों के चलते वे ज्यादा शोर नहीं मचा पाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, शमीम खां सुल्तानी, सत्येन्द्र सिंह, रवीन्द्र यादव, जफर बेग, हरीशंकर यादव, अनमोल तिवारी, नीरज तिवारी,दिनेश यादव, वीपी ध्यानी, आदेश यादव गुड्डू, अनुराग सिंह नीटू, पवन सक्सेना, अनुज गंगवार, प्रमोद यादव आदि तमाम लोग मौजूद थे।

संबंधित समाचार