बरेली: लेखपाल की ट्रेन से कटकर मौत
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर से ड्यूटी कर राजेंद्रनगर स्थित घर लौट रहे लेखपाल की कैंट क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। लाल फाटक के पास शनिवार शाम उनका पुलिस ने शव बरामद किया। शव के पास से मिले कागजों के आधार पर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को …
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर से ड्यूटी कर राजेंद्रनगर स्थित घर लौट रहे लेखपाल की कैंट क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। लाल फाटक के पास शनिवार शाम उनका पुलिस ने शव बरामद किया। शव के पास से मिले कागजों के आधार पर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी निवासी रामौतार सिंह यादव (59) मूल रूप से भमौरा थाने के इस्लामाबाद गांव के रहने वाले थे। रामौतार फरीदपुर में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे। शनिवार शाम करीब 4 बजे उनका शव लाल फाटक से करीब 500 मीटर बरेली की ओर रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। कुछ ही देर में स्थानीय लोगों की सूचना पर कैंट पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। कैंट इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि शव की तलाशी लेने पर जेब से मिले पहचान संबंधी कागजातों से शव की शिनाख्त की गई। शाम करीब 4:45 बजे परिजनों को फोन पर लेखपाल की मौत की सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंचे लेखपाल के बेटे मुकेश ने पिता की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुकेश ने बताया कि पिता शनिवार सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक पिता के वापस न लौटने पर उन्होंने तलाश शुरू की। काफी देर की तलाश के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो मुकेश ने अपने कांधरपुर निवासी चाचा हरपास सिंह यादव के साथ उनकी खोजबीन शुरू की।
उसी दौरान कैंट पुलिस ने पिता की मौत की सूचना उन्हें दी। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मुकेश ने बताया कि राजेंद्र नगर में उनका परिवार किराए पर रह रहा है। लेखपाल के एक बेटा व दो बेटियां हैं।
