मुरादाबाद : चुनावी तैयारी में अधिकारी, घट रहा टीकाकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। चुनाव की तैयारियों में जुटे प्रशासनिक अधिकारियों की सख्ती कम होते ही टीका लगवाने वाले भी उदासीनता दिखा रहे हैं। ऐसे में जब लक्ष्य पूरा करने का जोर होना चाहिए तो यह उदासीनता कहीं खेल न बिगाड़ दे। सोमवार को 35751 को ही टीका लगा। जबकि जनवरी के तीसरे सप्ताह में हर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। चुनाव की तैयारियों में जुटे प्रशासनिक अधिकारियों की सख्ती कम होते ही टीका लगवाने वाले भी उदासीनता दिखा रहे हैं। ऐसे में जब लक्ष्य पूरा करने का जोर होना चाहिए तो यह उदासीनता कहीं खेल न बिगाड़ दे। सोमवार को 35751 को ही टीका लगा। जबकि जनवरी के तीसरे सप्ताह में हर दिन करीब 50 हजार ग्राफ था।

कई दिनों से कोविड टीकाकरण का ग्राफ बढ़ने के बजाय घट रहा है। इससे चिकित्साधिकारियों के पहले की मेहनत पर पानी फिरने की नौबत न आ जाए। जब शासन और चुनाव आयोग मतदान के 10 दिन पहले हर हाल में लोगों को पहली डोज का 100 फीसदी टीका लगवाने का फरमान जारी किया है, यह साकार होता नहीं दिख रहा है। पिछले दिनों जब मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जिन्हें डीएम ने टीकाकरण का नोडल अधिकारी बनाया है कि सख्ती रंग लाने लगी थी। कर्मियों पर पेंच कसा तो फील्ड में टीकाकरण का ग्राफ कई दिन 50 हजार के ऊपर चला गया, लेकिन मतदान की तिथि करीब आने पर अब प्रशासनिक अधिकारी अन्य इंतजामों को पुख्ता कराने में जुटे हैं तो टीका लगवाने वाले भी उदासीन दिखने लगे। रविवार को जहां 34213 को टीका लगा, वहीं सोमवार को 35751 के टीका लगने से जिला प्रतिरक्षण अधिकारी भी चिंतित हैं।

बात करें वर्गवार टीका लगवाने वालों की तो 1430 को बूस्टर डोज, 15-17 आयु वर्ग के 3212 किशोरों को पहली डोज का टीका लगा। 18-44 आयु वर्ग में 8577 को पहली व 8365 को दूसरी डोज का टीका लगा। 60 से अधिक उम्र वाले 4217 को पहली और 2154 को दूसरी डोज का टीका लगा। जबकि इस वर्ग के 215 ने बूस्टर डोज लगवाकर खुद को कोरोना से बचने की जतन की। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि किशोर टीकाकरण में पहले की अपेक्षा उत्साह कम दिख रहा है।

कम हो रहे मरीज, दो चिकित्सक समेत 66 संक्रमित
मुरादाबाद। कोरोना की तीसरी लहर में अब नये संक्रमितों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। हर दिन नये संक्रमित कम हो रहे हैं। सोमवार को जिले में दो चिकित्सक और जेल में दो कैदियों समेत 66 मरीज आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित मिले। 121 स्वस्थ हुए। नये मरीजों में टीएमयू के दो चिकित्सक, चार स्टाफ, जेल में दो कैदी, तीन मरीज आशियाना के हैं। नये मरीजों में मुरादाबाद के शहरी व देहात के अलावा बरेली, संभल, अमरोहा जिले के भी हैं। आईडीएसपी के जिला डेटा मैनेजर अंकित शर्मा ने बताया कि 66 नये संक्रमित मिले हैं। इन्हें आइसोलेट कराया जा रहा है। इनके संपर्क में आने वालों की मंगलवार को रैपिड रिस्पांस टीमें जांच करेंगी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि नये संक्रमितों की संख्या कम हो रही है। फिर भी लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

63 फीसदी किशोर टीकाकरण दूसरी डोज लगनी शुरू
जिले में 1, 37, 822 किशोरों को अब तक टीका लगा है। इससे इस वर्ग की उपलब्धि 63 फीसदी पहुंची। हालांकि जो उत्साह किशोरों ने अभियान शुरू होने के पहले दूसरे हफ्ते में दिखाया अब वह नहीं दिख रहा। हर दिन इनकी संख्या कम हो रही है। अब इन्हें दूसरी डोज का टीका भी लगना शुरू हो गया है।

संबंधित समाचार